बांग्लादेश के रेलमंत्री का चारबाग़ रेलवे स्टेशन पर हुआ आगमन

UP Special News

लखनऊ(जनमत):- बांग्लादेश के रेलमंत्री मोहम्मद नुरूल इस्लाम सुजान का अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ उत्तर रेलवे,लखनऊ मंडल के लखनऊ स्थित चारबाग़ के ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन पर आगमन हुआ | इस सुअवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, सुरेश कुमार सपरा ने उपस्थित रहकर मंडल के अन्य अधिकारियोंके साथ रेलमंत्री ,बांग्लादेश का स्वागत किया | ज्ञात हो कि बांग्लादेश के रेलमंत्री मोहम्मद नुरूल इस्लाम सुजान अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ 28.05.22 से 03.06.22 तक अपने सात दिवसीय दौरे के तहत भारत में पधारे हैं |

अपने इस दौरे के अंतर्गत रेलमंत्री बांग्लादेश, भारतीय रेल की अनेक गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली से अवगत होंगे एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत एवं बांग्लादेश के मध्य रेलवे की दिशा में एक नए अध्याय का सूत्रपात होगा I रेलवे स्टेशन पर अपने आगमन के उपरान्त पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार रेलमंत्री,बांग्लादेश एक विशेष ट्रेन द्वारा अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ रायबरेली स्थित मॉडर्न  कोच फैक्ट्री की ओर रवाना हो गए एवं रायबरेली स्टेशन पर आगमन के उपरान्त वहां से मॉडर्न कोच फैक्ट्री पहुंचे |

कोच फैक्ट्री पहुंचकर रेलमंत्री,बांग्लादेश ने वहां के उच्चाधिकारियों से भेंटवार्ता की एवं कोच फैक्ट्री पर आधारित एक लघु फिल्म का अवलोकन किया साथ ही विभिन्न कार्यशालाओं का भी निरीक्षण किया तथा वहां की कार्यप्रणाली तथा कार्यकलापों की जानकारी प्राप्त की, तदोपरांत उसी विशेष ट्रेन द्वारा रेलमंत्री, बांग्लादेश अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ  बनारस की ओर प्रस्थान कर गए |  उक्त जानकारी रेखा शर्मा (वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक), उत्तर रेलवे,लखनऊ के द्वारा प्राप्त हुई|

Posted By:- Amitabh Chaubey