शिकायत की जांच करने गई महिला राजस्व कर्मी के साथ गांव के दबंगों ने की मारपीट

UP Special News

                                          सरकारी अभिलेख फाड़े, अवैध असलाहों से धमकाया,                                                                              धरने पर बैठे राजस्व कर्मियों के दबाव में दर्ज हुआ एफआईआर

एटा/जनमत 24 सितम्बर 2024। जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के उद्दनपुर गांव में शिकायत की जांच करने गई महिला राजस्व कर्मी के साथ गांव के ही तीन दबंगों ने अवैध असलहों के दम पर धमकाते हुए मारपीट कर सरकारी दस्तावेज नक्शा, खसरा फाड़ कर फेंक दिए। जांच करने गई महिला राजस्व कर्मी को गाली गलौज करते हुए तीनो दबंग मौके से फरार हो गए। पीड़ित राजस्व कर्मी प्रीती गुप्ता ने कोतवाली देहात थाने में नामजद तीन लोगों के विरुद्ध लिखित तहरीर दी थी। कार्यवाही नहीं होने पर नाराज दर्जन भर राजस्व कर्मी कोतवाली देहात के गेट पर धरने पर बैठ गए।मामला बढ़ता देख पुलिस ने तीनों नामजदों के विरुद्ध देर रात्रि एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़ित राजस्व कर्मी प्रीती गुप्ता के अनुसार वह सोमवार दोपहर को अपने एक सहयोगी के साथ गांव उद्दनपुर एक शिकायती पत्र के आधार पर जांच करने गई थी। उन्होंने शिकायत कर्ता सहदेव सिंह सहित अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया तभी गांव के ही नौबत सिंह पुत्र जीवाराम, पप्पू पुत्र जागन, रामू पुत्र महेंद्र भी मौके पर आ गए। जब लेखपाल ने उनसे पूछा आप लोग क्यों भीड़ इकट्ठा किए हुए हो। इसी बात पर उक्त तीनों व्यक्ति उग्र हो गए और लाठी डंडे और अवैध असलहा निकाल लाए।

पीड़ित लेखपाल ने जब उक्त लोगों का विरोध किया और उपद्रव मचा रहे अपने सहयोगियों से वीडियो बनाने के लिए कहा तो तीनों लोग हमलावर हो गए और महिला राजस्व कर्मी और उसके सहयोगी के साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ ही सरकारी अभिलेख नक्शा और खसरा भी फाड़ कर फेंक दिया। दबंगई दिखाते हुए तीनों दबंग गाली गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित महिला राजस्व कर्मी ने वापस लौट कर पूरा घटना क्रम अपने विभाग के आलाधिकारियों को बताया और नामजदों के विरुद्ध कोतवाली देहात पुलिस को लिखित तहरीर दे दी। देर शाम तक एफआईआर दर्ज नहीं होने पर एटा तहसील के समस्त लेखपालों में आक्रोश पनप गया। एकत्रित होकर दर्जन भर से अधिक राजस्व कर्मी कोतवाली देहात के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए और नामजदों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग पर अड़ गए। आनन फानन में कोतवाली देहात पुलिस ने देर रात्रि तीनों नामजदों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आक्रोशित राजस्व कर्मियों ने धरना समाप्त कर दिया है।

REPORTED BY – NAND KUMAR

PUBLISHED BY – MANOJ KUMAR