पीड़ित महिला ने दी छेड़खानी के आरोपी को ऐसी सज़ा

UP Special News

मैनपुरी (जनमत):- उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हुई संगीन वारदातों के बाद भी यूपी पुलिस की कार्यशैली सुधरने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि पुलिस की यह नाकामी पीड़ित महिलाओं को अब खुद ही जुल्मो सितम से लड़ने के लिए मजबूत भी बना रही है। ऐसा ही एक मामला जनपद मैनपुरी में देखने को मिला है।

यहाँ पर सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वयं सहायता समूह योजना की एक महिला से इलाके में रहने वाले एक दबंग ने छेड़खानी की थी। पीड़िता ने इस बात की शिकायत संबंधित पुलिस को दी लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस लापरवाह बनी रही और आरोपी के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस का यह रवैया देखकर पीड़ित महिला ने समूह की अन्य महिलाओं को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद सभी महिलाओं ने एक जुटता दिखाते हुए आरोपी को उसके घर से खींच लाई और उसे पीटने ही वाली थी तभी इलाके के बुजुर्गो ने महिलाओं को ऐसा करने से रोक लिया।

इसके बाद एक पंचायत बुलाई गई जिसमे पंचो और स्थानीय निवासियों के बीच आरोपी को भविष्य में ऐसा न करने के साथ ही सभी महिलाओं के पैर छू कर कान पकड़ कर माफी मांगने की सज़ा दी गई। महिलाओं की इस पहल की जहां खूब सराहना हो रही है तो दूसरी ओर पुलिस पर भी लोग सवालिया निशान लगा रहे है।