कन्नौज: साधु के भेष में आए ठग ने महिला से उड़ाए लाखों के जेवर, पुलिस कर रही जांच

उप्र के कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज क्षेत्र के सुभाष नगर मोहल्ले में साधु के भेष में पहुंचे एक शातिर टप्पेबाज ने पानी मांगने के बहाने महिला को कथित रूप से अचेत कर लाखों रुपये के सोने के जेवर पार कर दिए।

कन्नौज: साधु के भेष में आए ठग ने महिला से उड़ाए लाखों के जेवर, पुलिस कर रही जांच
Published By- Diwaker Mishra

कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट

कन्नौज/जनमत न्यूज़। उप्र के कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज क्षेत्र के सुभाष नगर मोहल्ले में साधु के भेष में पहुंचे एक शातिर टप्पेबाज ने पानी मांगने के बहाने महिला को कथित रूप से अचेत कर लाखों रुपये के सोने के जेवर पार कर दिए।

घटना के बाद पीड़िता ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुभाष नगर निवासी भानु पत्नी कुलदीप के मुताबिक, बीते गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे साधु के भेष में एक अज्ञात युवक उनके घर पहुंचा। युवक ने महिला से पीने के लिए पानी मांगा। महिला जैसे ही उसे पानी देने लगी, वह अचानक अचेत हो गई।

आरोप है कि महिला के बेसुध होने का फायदा उठाकर युवक उसके कानों से सोने के टॉप्स और गले से मंगलसूत्र निकालकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद होश में आने पर महिला ने जब अपने जेवर गायब देखे तो परिवार में हड़कंप मच गया।

पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर सौंपी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।