जिलाधिकारी ने लिया माघ मेला रामनगरिया की तैयारियों का जायजा, 3 जनवरी को होगा शुभारंभ

जिलाधिकारी ने मेला शुभारंभ के अवसर पर आयोजित होने वाली गंगा आरती की तैयारियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अपर जिलाधिकारी/मेला सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि गंगा आरती से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराई जाएं,

जिलाधिकारी ने लिया माघ मेला रामनगरिया की तैयारियों का जायजा, 3 जनवरी को होगा शुभारंभ
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —

फर्रूखाबाद/जनमत न्यूज। फर्रूखाबाद के पंचाल घाट स्थित माघ मेला श्री रामनगरिया की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सोमवार को स्थलीय निरीक्षण किया। आगामी 3 जनवरी को मेला शुभारंभ होना है, जिसके दृष्टिगत जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेला शुभारंभ के अवसर पर आयोजित होने वाली गंगा आरती की तैयारियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अपर जिलाधिकारी/मेला सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि गंगा आरती से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराई जाएं, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने घाटों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों की मरम्मत, सफाई और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं तथा स्नान के लिए घाटों को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने मेला क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित की जा रही सड़कों और फुटपाथों के निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और शीघ्रता से पूर्ण किए जाएं, ताकि मेला अवधि के दौरान सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।

माघ मेला रामनगरिया में इस वर्ष बड़े पैमाने पर श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। जिलाधिकारी का यह निरीक्षण अधिकारियों को सतर्क संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फर्रुखाबाद के पंचाल घाट पर स्थित गंगा नदी तट का यह मेला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसके सफल आयोजन की तैयारी तेज़ी से जारी है।