बहराइच में फिर हुआ जंगली जानवर का हमला: महिला गंभीर रूप से घायल, अब तक 6 की मौत और 20 घायल
महिला पर देर रात एक जंगली जानवर ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।

बहराइच/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला कैसरगंज थाना क्षेत्र के मझारा तौकली दयाल पुरवा गांव का है, जहां एक महिला पर देर रात एक जंगली जानवर ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।
परिजनों के अनुसार, महिला अपने घर के बाहर किसी काम से निकली ही थी कि अचानक जंगली जानवर ने उस पर हमला बोल दिया। परिजनों के शोर मचाने पर जानवर मौके से भाग निकला। चश्मदीदों ने बताया कि हमलावर जानवर भेड़िया था, जिसने महिला पर अचानक झपट्टा मारा।
घायल महिला को आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है।
सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में वन्यजीवों के हमलों में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों को पकड़ने की मांग की है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल की जांच की जा रही है और आसपास के जंगलों में निगरानी तेज कर दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।