अधेड़ भाई-बहन का एक साथ फंदे से लटकता मिला शव

CRIME

चंदौली/जनमत। पीडीडीयू नगर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नगर के जायसवाल स्कूल के पीछे एक घर में भाई बहन का फंदे से लटकता शव मिला। देखने से लग रहा था कि दोनों ने एक साथ आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है।
बतादें कि 40 वर्षीय गुड़िया गुप्ता और 45 वर्षीय राजू गुप्ता अपने भाई के साथ जायसवाल स्कूल के पीछे निजी मकान में रहते थे। माता-पिता की तकरीबन 8 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। राजू गुप्ता और उसके भाई की शादी नहीं हुई जबकि बहन गुड़िया की शादी के बाद तलाक भी हो चुका था। घर के ऊपरी मंजिल के कमरे में राजू और गुड़िया का फंदे से लटकता शव मिला। मृतक का भाई नीचे ही रहता था लेकिन उसे इस बात की जानकारी नहीं हो पाई। पुलिस की माने तो वह कुछ मंदबुद्धि का है। गुड़िया और राजू ने गुरुवार को ही आत्महत्या कर ली थी। पुलिस के अनुसार पड़ोस का कोई व्यक्ति राजू को ढूंढता हुआ आया और ऊपर कमरे में गया तो दोनों का फंदे से लटकता शव देखकर सन्न रह गया। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक तीन भाई थे। एक भाई परिवार के साथ अलग रहता है। सीओ अनिरुद्ध सिंह मौके पर पहुंच चुके हैं। फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

REPORT BY – UMESH SINGH

PUBLISHED BY – MANOJ KUMAR