पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी 72 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

क्षेत्रीय समाचार बिहार और झारखण्ड

पटना/जनमत। भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने दिल्ली के एम्स अस्पताल में आखिरी सांस ली। सुशील मोदी के निधन की खबर से भारतीय जनता पार्टी और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। सुशील मोदी मौजूदा समय में राज्यसभा के सांसद थे।

उनके निधन की खबर से भाजपा में काफी दुख का माहौल है। उनके निधन पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एक्स पर लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुशील मोदी जी अब हमारे बीच नहीं रहे। पूरे भाजपा संगठन परिवार के साथ-साथ मेरे जैसे असंख्य कार्यकताओं के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘अपने संगठन कौशल, प्रशासनिक समझ और सामाजिक राजनीतिक विषयों पर अपनी गहरी जानकारी के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिरशांति और परिजनों को इस शोक की घड़ी में सम्बल प्रदान करें।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुशील मोदी के निधन पर कहा, ‘बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता, श्री सुशील कुमार मोदी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित था। ‘ओम शान्ति।’

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ‘हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूं । आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।’

PUBLISHED BY – MANOJ KUMAR