एडीजी मेरठ जोन,व जिलाधिकारी ने ‘‘थाना समाधान दिवस’’ के अवसर पर सुनी जनसमस्याएं

Uncategorized

बुलन्दशहर(जनमत):- फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण करने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार समस्त थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, राजीव सभरवाल ने जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  श्लोक कुमार के साथ खुर्जा देहात में आयोजित समाधान दिवस में प्रतिभाग करते हुए फरियादियों की समस्याओं को सुना। एडीजी  ने थाना समाधान रजिस्टर एवं थाने की अन्य आवश्यक पंजिकाओं का अवलोकन/निरीक्षण किया। पुलिस एवं तहसील के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भूमि विवाद से सम्बंधित प्रकरणों में सम्बंधित लोगो को बुलाकर निस्तारण किया जाए।

मौके पर जाकर निस्तारण होने वाले प्रकरणों में तत्काल टीम भेजकर निस्तारण कराया जाए। विवेचना पंजिका का अवलोकन करते हुए विवेचक द्वारा की जा रही विवेचना के बारे में भी जानकारी हासिल की गयी। बीट कॉन्स्टेबल पंजिका का भी अवलोकन करते हुए क्षेत्राधिकारी खुर्जा को निर्देश दिए गए कि जिन गावों में अधिकतर घटनाएं हो रही हैं| उनमें प्रभावी कार्यवाही की जाए। थाने पर जमा लाइसेंस धारियों के शस्त्रों के बारे में भी विस्तृत रूप से चर्चा करते हुए जानकारी हासिल की। आपसी सहमति से तय होने वाले वादों में दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता कराकर वादों का निस्तारण किया जाए।

इस अवसर पर एडीजी  द्वारा थाने में कंप्यूटर रूम, महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए हेल्प डेस्क पर महिलाओं से सम्बंधित मामलों में प्राप्त आवेदन पत्रों एवं उनके निस्तारण के बारे में जानकारी ली गई| महिला सम्बंधित मामलों में विवेचक द्वारा की गई जांच के सम्बंध में सम्बंधित महिला से निस्तारण के बारे में पंजिका में फीडबैक दर्ज न होने पर निर्देशित किया गया कि शत प्रतिशत मामलों में महिला से फीडबैक लेकर दर्ज किया जाए| क्षेत्राधिकारी को भी निर्देश दिए गए कि वह भी रेंडम रूप से सम्बंधित महिला से निस्तारण के सम्बंध में फीडबैक ले। साइबर क्राइम से सम्बंधित दर्ज मामलों का भी रजिस्टर में अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खुर्जा लवी त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी खुर्जा दिलीप कुमार, थाना प्रभारी खुर्जा देहात, उपस्थित रहे।

Reported By:-Satyaveer Singh

Posted By:- Amitabh Chaubey