लोकसभा के महापर्व में “बुजुर्गों” का महयोगदान….

UP Special News

कौशांबी(जनमत). सत्रहवीं लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवे चरण का मतदान आज (6 मई) जारी है। पांचवे चरण में उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इसमें धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, फैजाबाद, बाराबंकी, बहराइच, कैसरगंज, गोंडा बांदा, फतेहपुर और कौशांबी सीटें शामिल हैं। चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित समयानुसार सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हो रहा है,  जो शाम 6 बजे तक चलेगा जहां एक ओर कई लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने  से कतराते हैं|

वहीं कौशाम्बी जनपद की 114 साल की सबसे बुजुर्ग महिला ने मतदान कर लोगों के लिए उदाहरण पेश किया है। कौशाम्बी जनपद की सबसे बुजुर्ग  महिला 114 साल की सुबहितिया देवी ने वोट डाल कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अजुहा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6 कृष्णा नगर के प्राथमिक स्कूल में अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंची सुबहितिया देवी ने आम मतदाताओ के लिए मिसाल पेश किया। मतदान केंद्र पहुंची 114 साल की बुजुर्ग महिला मतदाता का लोगों ने माला पहनाकर स्वागत किया।

अपने मताधिकार का प्रयोग कर सुबहितिया देवी के चेहरे पर सुकून के भाव दिखाई दिए। बुजुर्ग महिला के परिजनों के मुताबिक जब से उन्होंने वोट डालना शुरू किया है तब से आज तक कोई भी ऐसा चुनाव नही बीता जिसमे सुबहितिया देवी ने अपने मताधिकार का प्रयोग न किया हो। चलने फिरने में असमर्थ सुबहितिया देवी को उनके पौत्र मोटर साईकिल पर बैठा कर  मतदान केन्द्र तक लाए। बाद में उन्हें विल चेयर पर बैठा कर  मतदान कराया गया।