जिले में भाजपा को मिली करारी हार के बाद अब भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न शुरू

UP Special News

कन्नौज/जनमत। जिले में लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद अब भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न शुरू हो गया है, जिससे अब भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश दिखाई दे रहा है। मामला बिशुनगढ़ नगर का है जहां पर बीजेपी के बूथ अध्यक्ष की थानाध्यक्ष ने जमकर पिटाई कर दी। वाहन चेकिंग का कारण पूछने पर थानाध्यक्ष का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और भाजपा नेता के भाई को सरेबाजार पीट दिया। पुलिस की पिटाई से उसकी नाक की हड्डी टूट गई और आंख व कान में भी गंभीर चोटें आईं हैं। जानकारी पर पहुंचीं भाजपा विधायक ने थानाध्यक्ष को जमकर फटकार लगाई और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।

विशुनगढ़ कस्बे में थानाध्यक्ष देवेश कुमार पाल बिना वर्दी में चेकिंग कर रहे थे। उसी समय उधर से गुजर रहे भाजपा विशुनगढ़ मंडल अध्यक्ष के भाई नीलेश द्विवेदी उर्फ नीलू जो बीजेपी के बूथ अध्यक्ष भी हैं जब उन्होंने चेकिंग का कारण पूछा तो बस इसी बात पर थानाध्यक्ष भड़क गए और नीलू को गाली देने लगे।

जब गाली देने से मना किया तो थानाध्यक्ष का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने नीलू को पकड़ लिया। इसके बाद सरेबाजार उनकी लात-घूसों से पिटाई शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोग और दुकानदार तमाशबीन बने रहे। चीख-पुकार सुनकर नीलेश के बड़े भाई मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान सुधीर द्विवेदी उर्फ कल्लू मौके पर पहुंचे और भाई को बचाया। थानाध्यक्ष की पिटाई से नीलेश के नाक की हड्डी टूट गई और एक आंख भी बंद हो गई। एक कान का पर्दा फट गया, जिससे सुनाई देना भी बंद हो गया।

सुधीर ने घटना की जानकारी विधायक अर्चना पांडेय को दी, जिस पर वह विशुनगढ़ पहुंच गईं। उन्होंने थानाध्यक्ष को जमकर फटकार लगाई और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। घायल नीलेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बात करते हुए भाजपा विधायक अर्चना पांडेय ने कहा कि हमारे किसी भी कार्यकर्ता का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे वह किसी विभाग का कर्मचारी अधिकारी क्यों ना हो। अगर भाजपा कार्यकर्ता का उत्पीड़न करेगा तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

REPORTED BY – ASHWANI KUMAR

PUBLISHED BY – MANOJ KUMAR