जौनपुर में सीएम योगी के साथ पीएम मोदी पर अखिलेश का तंज

UP Special News

जौनपुर(जनमत):- समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समाजवादी विजय रथ लेकर मंगलवार को जौनपुर पहुंचे। अखिलेश ने भाजपा और सीएम योगी पर तंज कसा और कहा कि वो गंगा नदी में पीएम मोदी के साथ इसलिए स्नान करने नहीं उतरे क्योंकि उन्हें मालूम था कि इसका पानी गंदा है। उन्होंने कहा कि भाजपा लाल रंग का मायने नहीं समझती। यह रंग भावनाओं का होता है। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उनकी पार्टी जनता के साथ मिलकर भाजपा को प्रदेश और देश से हटा देगी। इसके साथ ही कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी 400 सीटें जीतेगी।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने चुनावी संकल्प को पूरा नहीं किया। अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे और महंगाई पर सरकार को घेरा। कहा कि कृषि कानूनों को मजबूरी में वापस लिया गया। सरकार ने किसानों का अपमान किया है।  भाजपा सरकार ने किसानों की किसानी बर्बाद कर दी। किसानों को खाद नहीं मिल रही है। उनकी आय दोगुनी नहीं हुई।आगे उन्होंने कहा कि अगर कमाई नहीं होगी तो बचत कैसे होगी। इस महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़कर रख दी है लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही है। समाजवादी विजय रथ यात्रा में सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, राम अचल राजभर के साथ संजय चौहान और कृष्णा पटेल भी शामिल हुए।

अखिलेश यादव ने कहा कि आज भ्रष्टाचार और महंगाई बेलगाम है। हालात ऐसे है कि भाजपा के सांसद और विधायक गांवों में नहीं घुस पा रहे हैं। डबल इंजन की सरकार फेल साबित हुई है। भाजपा वालों ने कहा था कि लोगों की आय दोगुनी हो जाएगी। लेकिन स्थिति यह है कि लोगों की आय आधी हो गई है और महंगाई दोगुनी हो गई है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि यूपी में बदलाव होने जा रहा है। हम सभी को साथ लेकर सरकार बनाएंगे।

Posted By:- Amitabh Chaubey