कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित

UP Special News

सिद्धार्थनगर/जनमत। जनपद मुख्यालय पर स्थित नगर पालिका सिद्धार्थनगर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय सांसद जगदम्बिका पाल और गोरखपुर मंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय ने भी शिरकत की। इस सम्मान समारोह में नगरपालिका में पड़ने वाले बूथों के उन बूथ अध्यक्षों को प्रथम, द्वितीय, और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया जिन्होंने विधानसभा चुनाव में अपने बूथ पर सर्वधिक वोट से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी को जिताया था।

दरअसल लोकसभा के चुनाव में भाजपा के सिद्धार्थनगर नगर पालिका के अध्यक्ष गोविन्द माधव यादव ने यह घोषणा की थी कि उनके नगर पालिका में पड़ने वाले बूथों पर जहां अत्यधिक वोट भाजपा को मिलेंगे ऐसे तीन बूथ अध्यक्षों को वो 20 हज़ार, 15 हज़ार, और 10 हज़ार रुपये प्रोत्साहन के रूप में देकर सम्मानित करेंगे। इसी कड़ी में आज इस कार्यक्रम का आयोजन कर मुख्य अतिथि सांसद जगदम्बिका पाल के हाथों बलविन्दर सिंह को प्रथम, रूपेश मिश्रा को द्वितीय, और रामेश्वर गुप्ता को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर क्रमशः 20, 15, और 10 हज़ार रुपए व गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नगर पालिका के सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी उपहार देकर उनका मनोबल बढ़ाया गया।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव ने कहा कि कार्यकर्ता ही किसी भी संगठन की जान होते हैं। आज कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उन्हें बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि आज कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं बल्कि पूरे भाजपा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए वह दिन-रात खड़े हैं क्योंकि कार्यकर्ता के ही बलबूते आज वह इस मुकाम पर हैं।


इस कार्यक्रम में शामिल होने आए भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि आज यहां इस कार्यक्रम में भाजपा के कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं बल्कि भाजपा के सभी शीर्ष पदों पर बैठे लोगों का सम्मान है। क्योंकि आज इन्हीं कार्यकर्ताओं के बलबूते हमारी जीत हुई है और अगर केंद्र में और प्रदेश में भाजपा की सरकार आज बनी है तो वह सिर्फ कर्मठ जुझारू और ईमानदार कार्यकर्ताओं की वजह से है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के कार्यकर्ता मजबूत होते हैं और सेवा भाव से काम करते हैं वह पार्टी देश ही नहीं पूरी दुनिया में अपना नाम रोशन करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता हमेशा से पार्टी के लिए अपना सब कुछ निछावर करने को तैयार रहते हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर आज वह खुद अपने आप को सम्मानित महसूस कर रहे हैं।

REPORTED BY – DHARAMVEER GUPTA

PUBLISHED BY – MANOJ KUMAR