किसान कल्याण मिशन अभियान का गवाह बना दादूपुर गांव

UP Special News राजनीति

लखनऊ (जनमत):- कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग पर अड़े किसान संगठनों के आंदोलन के बीच यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में किसानों को साधने की मुहिम ने तेजी पकड़ ली है। अभी कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में किसान सम्मान निधि ऑनलाइन पात्र किसानों के खातों में ट्रांसफर की थी। वो बात अलग है कि तकनीकी खामियों की वजह से तमाम किसानों को सम्मान निधि नहीं मिल पाई। इसी कड़ी में किसानों को साधने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में सरोजनीनगर तहसील के दादूपुर गांव का दौरा किया। मुख्यमंत्री यहाँ आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करने पहुचें थे।

आयोजित कार्यक्रम में किसानों के साथ संवाद और उनके लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारें में किसानों को अवगत कराना था। इसके अलावा योगी सरकार सूबे के 825 विकास खण्डों में किसान कल्याण मिशन नाम का एक अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान की मॉनिटरिंग शासन स्तर पर की जाएगी। साथ ही यूपी का कृषि विभाग किसान कल्याण माइक्रो साइट भी बनाएगा। इसमें किसानों से संबन्धित सभी जानकारियों विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। साथ ही प्रचार – प्रसार पर भी यूपी सरकार का पूरा फोकस रहेगा। सरोजनीनगर तहसील में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सूबे के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Posted By:- Amitabh Chaubey

Reported By:-Dhirendra Srivastava