योगी सरकार में दोगुनी हुई बिजली “सप्लाई”…

UP Special News

लखनऊ (जनमत):- उत्तर प्रदेश में विधानसभा सत्र के दौरान सोमवार को विपक्ष ने सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की, मगर जो जवाब मिला उसके बाद विपक्ष चारों खाने चित हो गया। विधानसभा में विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने योगी सरकार की उपलब्धियां तो गिनाई ही, साथ ही विपक्ष पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि 70 साल तक जब सपा-कांग्रेस सत्ता में रही तब तो आपको चिंता नहीं हुई, अब विपक्ष में बैठकर आपके ज्ञान चक्षु खुल गए। पिछली सरकारों में हुई हाई कॉस्ट पीपीए भी प्रदेश पर अतिरिक्त भार का एक कारण हैं। उन्होंने, आगे कहा कि इस बबूल को काटने का प्रयास हम कर रहे हैं। इसके साथ ही, बलिया में पैसे लेकर कार्य करने वालों को सस्पेंड करने का जिक्र करते हुए सपा नेताओं पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि इस राज्य में जो बिजली की समस्या है, उसके ऐतिहासिक कारण भी हैं। एक ऐतिहासिक कारण तो ये भी है कि पिछली सरकारों ने ठीक काम नहीं किया, जो किया भी उसमें गुणवत्ता का पालन नहीं किया गया।

पूरे देश में सबसे ज्यादा हो रही उत्तर प्रदेश में विद्युत आपूर्ति
एके शर्मा ने विधान सभा में जवाब देते हुए कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारी माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देश में दिन रात मेहनत करके प्रदेश में लगातार उत्तम सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। पूरे देश में सबसे ज्यादा विद्युत आपूर्ति उत्तर प्रदेश में हो रही है। 30,618 मेगावॉट की बिजली की आपूर्ति उत्तर प्रदेश में हो रही है। भारत के इतिहास में किसी भी राज्य में पहले कभी भी इतनी बड़ी आपूर्ति नहीं हुई। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि सपा सरकार के समय से ढाई गुना ज्यादा बिजली हम दे रहे हैं। वर्ष 2013-14 का मैक्सिमम लोड था 12,327 मेगावॉट। अब इसकी हमारे कार्यकाल से तुलना करें तो साफ देख सकते हैं कि ढाई गुना से ज्यादा यानी 30,618 मेगावॉट की आपूर्ति योगी सरकार में हो रही है। 2013-14 में 81,598 मिलियन यूनिट की सप्लाई की गई थी। जबकी, योगी सरकार ने वर्ष 2023-24 में 1,47,701 मिलियन यूनिट यानी दोगुनी बिजली सप्लाई की है।

विपक्ष ने किसानों को हाशिए पर छोड़ा, योगी सरकार दे रही लाभ
एके शर्मा ने कहा कि सपा सरकार के समय जिन लोगों तक बिजली पहुंचाने का कार्य नहीं हुआ था, वह भी योगी जी के नेतृत्व में लाभान्वित हो रहे हैं। ऐसे डेढ़ लाख मजरे जिनकी तरफ सपा सरकार ने देखा ही नहीं था, इनमें से 1.21 लाख मजरे वर्ष 2017 के बाद विद्युतीकृत हुए हैं। उत्तर प्रदेश अब देश में किसानों को सबसे ज्यादा बिजली देने वाला प्रदेश बन चुका है। हमने इस साल भारत सरकार से गुजारिश करके 19,503 मजरों के लिए 917 करोड़ रुपए की योजना मंजूर करवाई है और जल्द ही यहां भी हम बिजली देने का कार्य करने जा रहे हैं। विपक्ष किसानों को लेकर बड़ी बड़ी बातें करता है, मगर हमारी सरकार में किसानों के बिजली का बिल माफ कर दिया गया है। विपक्ष ने वर्ष 2012-13 में किसानों को कुल 25 हजार कनेक्शन (25,112) दिए थे, 2013-14 में 18 हजार, 2014-15 में 34 हजार व 2015-16 में 29 हजार कनेक्शन दिए गए। वहीं, हमने 2022-23 में 70,545 तथा 2023-24 में 63 हजार कनेक्शन दिए हैं। फसलों की सिंचाई के लिए मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार, 10 घंटे की छूट को बढ़ाकर हमारे कार्यकाल में 12 घंटे कर दिया गया है।

PUBLISHED BY:- ANKUSH PAL…