शाहजहांपुर में बाढ़ के कहर से लोग बेहाल

UP Special News

शाहजहांपुर/जनमत। नदियों में जलस्तर बढ़ने के कारण शाहजहांपुर जिले में कई मकान इसकी जद में आ गए हैं। लोग सुरक्षित स्थानों पर जा रहे है। खन्नौत नदी कल तक खतरे के निशान से पांच सेमी के नीचे बह रही थी। लेकिन रात में पानी आने से इसका जलस्तर बढ़ गया और पानी शहर की सड़कों पर पहुंच गया।

आपको बता दें कि विभिन्न बांधों से छोड़ा गया पानी पहुंचने के बाद नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। खतरे के निशान से ऊपर बह रही खन्नौत का पानी शहर के लोदीपुर व रेती में सड़क के ऊपर आ गया है। कई मुहल्लों में जलभराव हो गया है। लोगों को नदी के किनारे और पुल पर न जाने की हिदायत दी गई है। गर्रा नदी में भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिस कारण सुभाषनगर, ककरा का काफी क्षेत्र पानी से घिर गया है। हालांकि अभी नदी खतरे के निशान से नीचे है। तो वही रामगंगा में भी पानी बढ़ना शुरू हो गया है।

बांधों से नदियों में छोड़े जाने वाले पानी में कमी आई है। गंगा स्थिर बनी हुई हैं, लेकिन शहर की दोनों नदियों में पानी तेजी से बढ़ रहा है। रामगंगा व गर्रा उफान पर है। नदियों के किनारे पर बने मकान पानी से घिर गए हैं। कई लोग सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। ऐसे में लोग मदद की उम्मीद में बैठे हुए है।


जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ गर्रा नदी से प्रभावित सुभाष नगर एवं खन्नौत नदी से प्रभावित क्षेत्र हनुमत धाम, बिसरात, रेती पक्का पुल बृज बहार कॉलोनी का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी बाढ़ संबंधित टीमों को निर्देश दिए कि बचाव कार्य युद्ध स्तर जारी रहे। बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिए कि नायब तहसीलदार, कानूनगो एवं लेखपाल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य टीमें मौके पर पहुंचकर बाढ़ प्रभावितों को चिकित्सीय व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएं। डीएम ने सुभाष नगर के बाढ़ प्रभावितों को बचपन स्कूल में शिफ्ट करने के निर्देश दिए।

साथ ही हनुमत धाम क्षेत्र के पास निवासरत व्यक्तियों को मंगल सेन इंटर कॉलेज एवं ख्वाजा फिरोज प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में शिफ्ट कराए जाने हेतु निर्देश दिए गए। उन्होंने कड़े निर्देश दिए की बाढ़ प्रभावितों को किसी प्रकार की कोई समस्या न होने पाये। डीएम ने जनपद की समस्त बढ़ चौकियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडीकल टीमें मौके पर पहुंच कर सक्रिय हो गई है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, महापौर अर्चना वर्मा, नगर आयुक्त डॉ0 विपिन कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आर के गौतम सहित अन्य संबंधित अधिकारी ने मौजूद रहे।

REPORTED BY – RAJEEV SHUKLA

PUBLISHED BY – MANOJ KUMAR