प्रशासनिक दावे की खुली पोल, पांच किमी कंधे पर लादकर पैदल ले गये बहन की लाश

UP Special News

लखीमपुर/जनमत। प्रशासनिक दावे की पोल खोलते हुए यह तस्वीर लखीमपुर से आई है जहां दो भाईयों ने अपनी बहन की लाश को कंधे पर लादकर पैदल पांच किमी की यात्रा की है। अपनी बहन के शव को अपने कंधों पर लेकर जा रहा भाई सरोज ने बताया कि मृतक शिवानी पुत्री देवेंद्र कुमार उम्र 15 वर्ष निवासी एलनगंज महाराज नगर थाना मैलानी की है। बड़े भाई मनोज ने बताया कि हम तीनों भाई बहन पलिया में रहकर पढाई करते हैं। बहन शिवानी कक्षा 12 की छात्रा है। बहन की तबीयत 2 दिन पहले पलिया में खराब हुई थी। डॉक्टर को दिखाया तो डॉक्टरों ने जांच लिख दी। जांच में शिवानी को टाइफाइड की बीमारी निकली। जिसके बाद शिवानी को डॉक्टर ने दवा देकर अस्पताल में एडमिट कर लिया। शिवानी की हालत बिगड़नी शुरू हो गई। इधर बरसात के चलते पलिया शहर टापू में तब्दील हो गया। शारदा के बढ़ते जल स्तर ने चारों तरफ की रोड, रेल लाइन को अपने आगोश में ले लिया। यातायात रुक गया और हम लोग अपनी बहन को बेहतर इलाज नहीं दिला पाए जिसके चलते बहन की मौत हो गई।

आज हम लोग नाव के सहारे नदी पार करके अपनी बहन के शव को अपने गांव लेकर जा रहे हैं। मां का रो रो के बुरा हाल है। पिता देवेंद्र ने बताया कि जिन भाइयों को बहन की डोली को कंधा देना था आज वही भाई अपने कंधों पर बहन की लाश को लेकर 5 किलोमीटर तक पैदल चलकर अपने गांव जा रहे हैं। यह दृश्य देखने वाले लोगों पर ऐसा लग रहा था जैसे पैरों तले से जमीन खिसक जाती है। लोगों ने दोनों भाइयों की तारीफें तो करी लेकिन मदद के लिए कोई भी सामने नहीं आया। शासन प्रशासन के लोगों की तरफ से भी कोई भी व्यवस्था नहीं की गई।

REPORTED BY – LOKENDRA PRATAP SINGH

PUBLISHED BY – MANOJ KUMAR