पूरे सैनिक सम्मान के साथ पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार

UP Special News

हाथरस/जनमत। राजौरी में आतंकवादियों के साथ हुए मुठभेड़ में शहीद हुए जवान सुभाष चंद्र का शव जनपद के नगला मनी गांव पहुंचा। शहीद जवान का शव गांव में पहुंचते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। शहीद हुए जवान सुभाष चंद्र का पूरे सैनिक सम्मान के साथ पैतृक गांव में अंतिम संस्कार सम्पन्न हुआ। जाट रेजीमेंट के सैनिकों ने शहीद को सलामी दी, अन्तिम संस्कार से पहले अधिकारियों ने पुष्पहार चढ़ा कर नमन किया। हजारों लोगों की भीड़ शहीद के अंतिम दर्शनों के लिए पहुंची थी। भारत माता की जय जयकार और शहीद सुभाष चंद्र अमर रहे के नारे से पूरा गांव गूंज रहा था।


आपको बता दे कि हाथरस जिले के सहपऊ थाना क्षेत्र के गांव नगला मनी का रहने वाला सुभाष चंद्र नामक युवक कश्मीर के राजौरी में जाट रेजीमेंट में तैनात था। सोमवार रात राजौरी में आतंकवादियों से मुठभेड़ में जवान सुभाष चंद्र शहीद हो गया। शव पहुंचने से पूर्व ही प्रशासन के द्वारा परिजनों के साथ अंतिम संस्कार की पूरी तैयारी कर ली गई थी। शव गांव में पहुंचते ही परिजनों में करुण क्रंदन मच गया।

वहीं हजारों लोगों की भीड़ भारत माता की जय और सुभाष चंद्र अमर रहे के नारे लगाने लगी। शव को नगला मनी के प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में रखा गया जहां पर जाट रेजिमेंट के सैनिकों व प्रशासन की टुकड़ी के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर की अंतिम सलामी दी गई। अधिकारियों व क्षेत्रीय विधायक के द्वारा पुष्पहार चढाकर शहीद को नमन किया गया। अंतिम संस्कार स्थल पर हजारों ग्रामीणों की भारी भीड़ शहीद के जवान के अंतिम दर्शनों के लिए मौजूद रही।

REPORTED BY – HOMESH MISHRA

PUBLISHED BY – MANOJ KUMAR