राममंदिर बनने से कांग्रेस में “शोक की लहर”…

UP Special News

हमीरपुर (जनमत):- यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है। इनका घोषणापत्र मुस्लिम लीग का दस्तावेज है। ये देश में शरिया कानून थोपना चाहते हैं और तालिबानी व्यवस्था लागू करना चाहते हैं। अगर ऐसा हुआ तो बेटियां स्कूल नहीं जा पाएंगी और महिलाओं को बुर्का पहनकर घरों में कैद रहना पड़ेगा। ये देश पर विरासत टैक्स के नामपर जजिया कर लगाना चाहते हैं। योगी ने कहा कि औरंगजेब के रास्ते पर चलने वालों को मेरा बुलडोजर हमेशा के लिए दफन कर देगा। उन्होंने कहा कि ये देश बाबा साहब के संविधान से चलेगा न कि शरिया कानून से। उन्होंने कहा कि जबसे राममंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा हुई है कांग्रेस में शोक की लहर है। योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बिझड़ी में हमीरपुर लोकसभा सीट के लिए पार्टी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर और बड़सर विधानसभा के लिए हो रहे उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

400 पार में हिमाचल प्रदेश की सभी चारों सीटें भी शामिल
योगी आदित्यनाथ ने माता चिंतपूर्णी और माता नैना देवी की पुण्यभूमि को कोटि कोटि नमन करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश देवों और वीरों की भूमि है। यहां प्रकृति और परमात्मा की कृपा है। यह सबको आरोग्यता प्रदान करती है और देवत्व का अहसास कराती है। योगी ने कहा कि पूरे देश में एक ही स्वर गूंज रहा है कि फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार। इस 400 पार सीट में हिमाचल प्रदेश की सभी चारों सीट भी शामिल है। जनता कह रही है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। योगी ने कहा कि अयोध्या और काशी का कार्य संपन्न हो चुका है, अब हम मथुरा की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

कांग्रेस ने अयोध्या का आमंत्रण ठुकरा दिया था
योगी ने कहा कि आज 500 साल का इंतजार समाप्त हुआ है। अयोध्या में रामलला विराजमान हुए हैं। जब पूरी दुनिया प्रफुल्लित थी, हर सनातनधर्मी अभिभूत था तब कांग्रेस में शोक की लहर थी। कांग्रेस ने अयोध्या का आमंत्रण ठुकरा दिया था। आज भी उनके बुद्धिदाता कहते हैं कि अयोध्या में राममंदिर का निर्माण नहीं होना चाहिए था, इनके सहयोगी राममंदिर को बेकार बताते हैं। योगी ने कहा कि आज हम मोदी जी के नेतृत्व में नये भारत को देख रहे हैं। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हो गया है। अब तेज आवाज में पटाखा भी फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है। विकास को समर्पित बड़े बड़े कार्य हुए हैं। इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट हुआ है। हिमाचल में भी एम्स और ट्रिपल आईटी की स्थापना हो चुकी है। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को विकास में बैरियर बताते हुए कहा कि ये लोग सैंड माफिया, लैंड माफिया, वन माफिया, पशु माफिया के सरपरस्त हैं। ये देश हित और श्रीराम का विरोध करते हैं। कांग्रेस ने हिमाचल के संसाधनों का दोहन किया है।

इंडी गठबंधन केवल एक मुखौटा
उन्होंने इंडी गठंबंधन को भानुमति का पिटारा बताते हुए कहा कि इसमें जितने दल हैं उतने ही खेमे भी हैं। इनका गठबंधन केवल एक मुखौटा है। ये स्वयं एक नहीं हो सकते तो देश को क्या एक कर पाएंगे। कांग्रेस कहती है कि सत्ता में आएंगे तो पिछड़ी जाति का अधिकार मुस्लिमों को देंगे। यूपीए की सरकार ने जस्टिस रंगनाथ मिश्रा और सच्चर कमेटी इसीलिए बनाया कि ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को दे सकें। तब हमने इसका विरोध किया था। राहुल गांधी एक झटके में गरीबी हटाने की बात कह रहे हैं।

PUBLISHED BY:- ANKUSH PAL…