जन समस्याओं के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल ने घेरा नगर निगम कार्यालय… 

UP Special News

मेरठ (जनमत) :-  विभिन्न वार्डों की जन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने नगर आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते हुए नगर निगम के अधिकारियों पर तमाम इलाकों की अनदेखी का आरोप लगाया। इसी के साथ व्यवस्था में सुधार की मांग की।संगठन के महानगर अध्यक्ष तौकीर खान के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे। नगर आयुक्त के कार्यालय में ना मिलने पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया।

तौकीर खान ने बताया कि वार्ड 68 के मकबरा अब्बू का नाला पिछले काफी समय से चौक पड़ा है, जिसके चलते क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी हुई है। वार्ड 47 की मंदिर वाली गली में लगातार जलभराव की समस्या बनी हुई है। वार्ड 46 में नंगला बट्टू के समरसेबल पंप कब से बंद पड़े हैं, जिसके चलते क्षेत्रवासी पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। वार्ड 3 की लक्ष्मणपुरी गली नंबर 6 में पिछले काफी समय से दूषित पानी की सप्लाई की जा रही है, जिसके चलते क्षेत्रवासी हलकान हैं। इतना ही नहीं पॉलिथीन का उपयोग रोकने के नाम पर नगर निगम के अधिकारी छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। जबकि यदि पॉलिथीन उत्पादकों पर ही कार्यवाही की जाए तो मार्केट में पॉलिथीन आएगी ही नहीं। उन्होंने बताया कि इन सभी समस्याओं के लिए वह लगातार कई बार नगर निगम के अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन आज तक कोई सुनवाई ना होने पर उन्होंने प्रदर्शन का सहारा लिया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं का समाधान ना होने पर आंदोलन की चेतावनी देते हुए नगर आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।

PUBLISHED BY:- ANKUSH PAL..

REPORT- NARENDRA GAUTAM…