जो बूथ जीता वो चुनाव जीता’, अमित शाह ने दिया नया मंत्र

UP Special News

कानपुर (जनमत):- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि जो बूथ जीता वो चुनाव जीता। शाह ने गुरुवार शाम कानपुर रोड स्थित होटल हालिडे इन में भाजपा की संगठनात्मक बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्पष्ट तौर पर बताया कि बूथ प्रबंधन से बेहतर चुनाव जीतने का कोई दूसरा उपाय नहीं है।शाह ने कहा कि पन्ना प्रमुख, मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें भाजपा का संकल्प पत्र देकर प्रधानमंत्री की गारंटी के बारे में बताएं और उनके घरों पर स्टीकर लगाएं। उन्होंने कहा कि जनता हमारे साथ है। लोगों को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। बस हर घर तक मोदी का संदेश पहुंचाना है। लगभग दो घंटे चली बैठक में शाह ने पांचवें चरण की 14 लोकसभा सीटों की समीक्षा भी की।

बरेली , बदायूं और सीतापुर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने के बाद चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से सीधे बैठक में पहुंचे शाह ने कहा कि पहले दो चरणों का चुनाव बहुत अच्छा रहा है। भाजपा की जीत के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगले चरणों के लिए सभी पन्ना प्रमुख दो से तीन बार मतदाताओं के घर जाकर संपर्क करें और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें।

शाह ने कहा कि सामाजिक संपर्क को और बढ़ाएं। संपर्क के दौरान नये वोटरों और महिला मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करें। उन्हें मोदी की गारंटी के बारे में विस्तार से जरूर बताएं। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों के साथ-साथ भाजपा नेता व कार्यकर्ता 100 प्रतिशत लोगों से संपर्क करेंगे और सुबह सात बजे ही अपना, अपने परिवार के सभी मतदाताओं का मतदान सुनिश्चित करेंगे।

शाह ने भाजपा नेताओं से कहा कि तीसरे चरण से लेकर अंतिम चरण तक हर सीट पर जीत का अंतर और बढ़ाना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता पूरा जोर लगाएं। ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क करके उन्हें भाजपा के संकल्पों के बारे में जानकारी दें। घर-घर संकल्प पत्र पहुंचाएं और मतदाताओं के साथ उनके घरों में चाय पर संकल्प पत्र को लेकर चर्चा करें। शाह ने पांचवें चरण की लखनऊ, मोहनलालगंज, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज और गोंडा सीट की समीक्षा की।

शाह ने एक-एक सीट पर भाजपा की मजबूती और कमजोरियां पर चर्चा की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित संबंधित सीटों के प्रभारी बनाए गए मंत्री सुरेश खन्ना, दयाशंकर सिंह सहित संगठन के प्रदेश व जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

PUBLISHED BY – GAURAV UPADHYAY