दलित के घर सहभोज के बहाने योगी चले 2022 साधने,विपक्षियों पर जमकर साधा निशाना

UP Special News

गोरखपुर (जनमत):- मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ 2022 के विधानसभा चुनाव के पहले पड़े मकर संक्रांति के पर्व पर झुंगिया बाजार में भाजपा के महानगर मंत्री अमृत लाल भारती के घर सहभोज पर पहुंचे| यहां पर उन्‍होंने खिचड़ी, दही, आलू-गोभी की सब्‍जी खाया और मिट्टी के बट्टे में पानी भी पिए| उन्‍होंने भोजन की तारीफ भी की| यहां पर उन्‍होंने विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा| उन्‍होंने पार्टी छोड़कर जाने वालों और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति करने वाले सामाजिक न्‍याय के समर्थक नहीं हो सकते हैं| भ्रष्‍टाचार जिनके जीन्‍स का हिस्‍सा हो, वो सामाजिक न्‍याय की लड़ाई नहीं लड़ सकते हैं| सामाजिक न्‍याय यही है कि बगैर भेदभाव के समाज के सभी वर्ग के लोगों को शासन की योजना का लाभ मिले उनके साथ सामाजिक और आर्थिक भेदभाव न हो|

जब उनसे दलित विरोधी होने और पार्टी छोड़कर जाने वालों के आरोपों पर सवाल किया गया तो उन्‍होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार को तुलना कर लें, तो वह 5 वर्ष के कार्यकाल में मात्र 18 हजार मकान ही सेंक्‍शन हुआ था| किसी भी दलित बस्‍ती में चले जाइए, तो उस बस्‍ती में बने हुए मकान प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्‍यमंत्री आवास योजना के तहत प्राप्‍त होंगे|

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि 45 लाख लोगों को आवास देना ही हमारे लिए सामाजिक न्‍याय है| इन गरीबों के हक को हड़पना उनके लिए उनका जन्‍म सिद्ध अधिकार है. इसी को वे सामाजिक न्‍याय कहते हैं, तो उन्हें लगता है कि ये सामाजिक न्‍याय नहीं सामाजिक शोषण है| हमें फर्क महसूस करना होगा कि सामाजिक न्‍याय और सामाजिक न्‍याय में अंतर क्‍या है| जो लोग गरीबों का हक छीनते थे, डकैती डालते थे| पेशवर अपराधियों को अपना शार्गिद बनाते थे| जब वे पेशेवर माफिया और अपराधी प्रदेश के अंदर गरीबों के मकानों पर कब्‍जा करते थे| दलितों की बस्तियों पर कब्‍जा करने के साथ बुलडोजर चलाकर उनकी जमीन हड़पने का काम करते थे, तब इनकी आवाज नहीं निकलती थी| वे विपक्ष में थे तब भी उनकी लड़ाई लड़ते थे| आज अपराधमुक्‍त प्रदेश बनाकर सबको सुरक्षा विकास के इस राह के सा‍थ जोड़ने का कार्य किया है|

उन्‍होंने कहा कि यही सबका साथ, सबका विकास का मंत्र ही सामाजिक न्‍याय का सही मंत्र है| सामाजिक मंत्र के इसी अभियान के तहत समता भोज का कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए आज आयोजित किया गया है| मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि आज मकर संक्रांति है| भाजपा ने आज सभी 27 हजार शक्ति केन्‍द्रों पर खिचड़ी भोज के साथ जुड़ने का निर्णय लिया है| इसी लिए आज वे यहां पर आए हैं| उन्‍होंने कहा कि भाजपा का जो मिशन रहा है, सबका साथ, सबका विकास, सबके विश्‍वास के साथ किसी दलित बस्‍ती में जाकर सहभोज करने का निर्णय लिया| इसके साथ ही शासन की योजनाओं के लाभ के बारे में उनके साथ चर्चा करना उनका उद्देश्‍य रहा है|

योगी ने कहा कि कोरोना महामारी को ध्‍यान में रखते हुए कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए सभी लोगों को इसका सहभागी नहीं बनाया गया है| भाजपा के स्‍थापित सिद्धांत राष्‍ट्रवाद, सुशासन और विकास उसका ही ये हिस्‍सा है| जिसमें बगैर भेदभाव के अस्‍पृश्‍यता को समाप्‍त करने के संकल्‍प और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सपने को पूरा करने के लिए भाजपा ने किया है| प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्‍व में पिछले सात वर्षों के दौरान केन्‍द्र की सरकार और पांच वर्षों में प्रदेश की सरकार ने हर एक किसान, नौजवान, महिलाओं और सभी तबके के लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिया है| पहली बार उनके घरों में विद्युत के कनेक्‍शन प्रधानमंत्री सौभाग्‍य योजना के अंतर्गत लगे है|

प्रदेश के अंदर नौ करोड़ से अधिक परिवारों को आयुष्‍मान भारत योजना और मुख्‍यमंत्री जन आरोग्‍य योजना के तहत पांच लाख रुपए का बीमा प्राप्‍त हुआ है| 15 करोड़ लोगों को कोरोना माहामारी में निःशुल्‍क जांच, वैक्‍सीनेशन और डबल इंजन की सरकार में महीने में दो बार राशन निःशुल्‍क उपलब्‍ध कराया जा रहा है| यही समतामूलक समाज की स्‍थापना, भ्रष्‍टाचार मुक्‍त अपराधमुक्‍त व्‍यवस्‍था और सुशासन का हिस्‍सा है| भाजपा इसी मिशन को लेकर आगे बढ़ी है| वे अनुसूचित जाति के कार्यकर्ता अमृत लाल भारती और उनके परिवार को खिचड़ी सहभोज के लिए धन्‍यवाद देते हैं| वे लगातार यहां पर विकास के मुद्दों की आवाज उठाते रहे हैं| प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ समताभोज के साथ बाबा साहब के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्‍प को पूरा किया है|

इस अवसर पर सहभोज के बाद दलित भाजपा कार्यकर्ता अमृत लाल भारती, पत्‍नी शीला गौतम और उनके पिता किशोरी लाल ने योगी आदित्‍यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सांसद रहे हैं, तभी से झुंगिया में आ रहे हैं| उनके यहां मुख्‍यमंत्री सहभोज के लिए आए| उनके परिवार के लोगों ने खिचड़ी, आलू-गोभी की सब्‍जी और दही और पापड़ खिलाया| उन्‍होंने भोजन करने के बाद प्रशंसा भी की| उन्‍होंने भोज के लिए धन्‍यवाद भी दिया| जो लोग उनके दलित विरोधी होने का आरोप लगाते हैं, उनके लिए ये जवाब है| उनका परिवार ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समय से गोरखनाथ मंदिर से जुड़ा है| वे मकर संक्रांति पर भोज के लिए आए थे| 2022 के चुनाव को लेकर जो लोग उनके घर मुख्‍यमंत्री के आने की बात कह रहे हैं, ये सरासर निराधार है|

Posted By:- Amitabh Chaubey

Reported By:- Ajit Singh