एक बार फिर विजयरथ पर सवार राजेश वर्मा

UP Special News राजनीति

सीतापुर(जनमत). उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के गठबंधन प्रत्याशी को पटखनी देकर भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा तीसरी बार जिले के सांसद चुने गए। लेकिन वह हैट्रिक नही लगा सके। फिर भी उन्हें बेताज बादशाह कहने से इंकार नहीं किया जा सकता है। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा ने गठबंधन प्रत्याशी नकुल दुबे के साथ-साथ कांग्रेस की कैसर जहां को हराया हैं।

राजेश वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गठबंधन प्रत्याशी नकुल दुबे को करारी हार  दी है। इससे पूर्व राजेश वर्मा ने सीतापुर में 2014 के चुनाव में भाजपा की विजय पताका फहराई थी। 2009 में बसपा से धौरहरा लोकसभा क्षेत्र में इन्हे हार का  मुंह देखना पड़ा था। 2004 के लोकसभा चुनाव में श्री वर्मा बसपा से सीतापुर के सांसद चुने गए थे। दूसरी ओर सीतापुर जिले से जुड़ी धौरहरा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की रेखा अरुण वर्मा ने लगातार दूसरी बार बड़ी जीत दर्ज कराई है। जिले से जुड़ी मोहनलालगंज लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के कौशल किशोर भी लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए हैं।

वहीं जिले की मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के अशोक रावत ने अपनी जीत दर्ज कराई है। इस प्रकार जिले से जुड़ी सभी चारों लोकसभा क्षेत्रों में भगवा परचम लहराया है। सभी विजयी प्रत्याशियों  ने जनता का आभार व्यक्त किया है।