बैंक के कर्ज से परेशान पचपन वर्षीय किसान ने गोली मारकर की आत्महत्या

UP Special News

एटा/जनमत/10 सितम्बर 2024 मंगलवार। एटा जिले के नया गांव थाना क्षेत्र सिकन्दरपुर फेरू गांव के निवासी 55 वर्षीय किसान ने बैंक के कर्ज से परेशान होकर नाजायज तमंचे से सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घायल अवस्था में परिजनों ने किसान को अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि किसान रामनिवास ने अपने घर के कमरे में ही गोली मार ली जैसे ही फायर की आवाज परिजनों ने सुनी तो दौड़े दौड़े कमरे की तरफ पहुंचे। जहां खून से लथपथ घायल अवस्था में किसान जमीन पर पड़ा था। परिजनों ने आनन फानन में घायल को अलीगंज सीएचसी पर भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत के बाद चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही नया गांव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।मृतक के बेटे पुष्पेंद्र ने बताया कि उसके पिता पर लगभग  दस लाख रुपया बैंक का कर्ज था। बैंक कर्मी और संग्रह अमीन कर्ज वसूली करने आते थे और तंग करते थे। करीब एक वर्ष से वह काफी परेशान चल रहे थे। तंग आकर आज उन्होंने गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
थाना प्रभारी रीतेश कुमार ठाकुर ने बताया कि मृतक रामनिवास पर बैंक का कर्जा था। मृतक के चार बेटे हैं। बैंक द्वारा नोटिस भी दिया गया है। आज खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

REPORTED BY – NAND KUMAR

PUBLISHED BY – MANOJ KUMAR