सचिन तेंदुलकर जन्मदिन विशेष: जब ब्रायन लारा ने श्रेष्ठता की बहस को किया खत्म, कहा- उनके लिए ले सकता हूं टिकट

भारतीय टीम के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। सचिन को प्रशंसकों के साथ ही उनके साथी और वर्तमान के खिलाड़ी बधाई दे रहे हैं।

सचिन तेंदुलकर जन्मदिन विशेष: जब ब्रायन लारा ने श्रेष्ठता की बहस को किया खत्म, कहा- उनके लिए ले सकता हूं टिकट
Published By- Diwaker Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। भारतीय टीम के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। सचिन को प्रशंसकों के साथ ही उनके साथी और वर्तमान के खिलाड़ी बधाई दे रहे हैं। उनके समय खेलने वाले ब्रायन लारा भी सचिन से प्रेरित हो चुके हैं।

सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा एक ही दौर में खेलने वाले दो महान बल्लेबाज रहे। तेंदुलकर दाएं हाथ से, तो वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते थे।

दोनों का डिफेंस जितना मजबूत था, गेंदबाजों के खिलाफ आक्रमण करने की तकनीक उतनी ही शानदार थी। तेंदुलकर और लारा के दौर में हमेशा इस बात की चर्चा क्रिकेट की दुनिया में हुई कि दोनों में बेहतर कौन है?

सचिन को लेकर लारा ने क्या कहा था?

ब्रायन लारा ने एक बार अपने बयान से तेंदुलकर और अपने बीच लगातार होने वाली श्रेष्ठता की बहस को लगभग समाप्त कर दिया था। लारा ने एक बार कहा था, 'मैं तो बस एक आम इंसान हूं। सचिन महान हैं। सचिन एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिनकी बल्लेबाजी देखने के लिए टिकट खरीदकर मैं स्टैंड में बैठना पसंद करूंगा।'

लारा का यह बयान सचिन के लिए सिर्फ उनका सम्मान नहीं है, बल्कि सचिन की श्रेष्ठता का प्रमाण भी है, क्योंकि लारा का नाम भी क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाजों में निर्विवाद रूप से लिया जाता है।

53 साल के हुए मास्टर ब्लास्टर

ब्रायन लारा के मित्र और क्रिकेट के भगवान कहने जाने वाले 'भारत रत्न' सचिन तेंदुलकर 24 अप्रैल को 53 साल के हो गए हैं। 1973 में मुंबई में जन्मे तेंदुलकर ने 1983 विश्व कप में भारत की जीत के बाद क्रिकेटर बनने और देश के लिए विश्व कप जीतने का सपना देखा था।

1989 में डेब्यू करने वाले सचिन का विश्व कप जीतने का सपना 2011 में उनके घरेलू मैदान, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में पूरा हुआ था। 2013 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।

बतौर क्रिकेटर सचिन के नाम सर्वाधिक मैच, रन और शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड है। सचिन ने 200 टेस्ट में 51 शतक लगाते हुए 15,921 रन और 463 वनडे में 49 शतक लगाते हुए 18,426 रन बनाए हैं। एक टी20 में उनके नाम 10 रन हैं।