हिमाचल प्रदेश: सिरमौर जिले के हरिपुरधार में बस दुर्घटनाग्रस्त, 12 लोगों की मौत; कई घायल

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार में निजी बस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश: सिरमौर जिले के हरिपुरधार में बस दुर्घटनाग्रस्त, 12 लोगों की मौत; कई घायल
Published By- Diwaker Mishra

शिमला/जनमत न्यूज़। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार में निजी बस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को घटनास्थल से निकाला जा रहा है।

बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। ये बस कुपवी से शिमला जा रही थी। जो हरिपुरधार के पास 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जानकारी के अनुसार बस में 30 से 35 लोग सवार थे।

एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि सिरमौर जिले में हरिपुरधार के पास कुपवी से शिमला जा रही एक प्राइवेट बस के सड़क से नीचे गिरने से हुए हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

बस में 30-35 लोग सवार थे। और जानकारी का इंतजार है। मैं मौके पर जा रहा हूं। पुलिस और दूसरी बचाव टीमें घायलों को निकालने की कोशिश कर रही हैं।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने व्यक्त किया गहरा शोक

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिले के हरिपुरधार के पास एक निजी बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया। दुर्भाग्यपूर्ण बस शिमला से राजगढ़ होते हुए कुपवी जा रही थी, तभी वह सड़क से उतरकर एक गहरी खाई में गिर गई।

मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी जताया शोक

वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी बस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना बहुत दुःखद है।

इस भीषण हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'