उत्तराखंड: बदरीनाथ धाम से वापस लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 लोग थे सवार; सर्च ऑपरेशन शुरू
चार धामों में प्रमुख उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम से वापस लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे।
जोशीमठ (उत्तराखंड)/जनमत न्यूज़। चार धामों में प्रमुख उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम से वापस लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे।
सभी यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं। हेलीकॉप्टर ज्योर्तिमठ और बदरीनाथ के बीच लापता हुआ बताया जा रहा है। राहत एवं बचाव हेतु पुलिस, SDRF, सेना एवं ITBP मौके के लिए रवाना हो गयी है।
जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर दोपहर सवा एक बजे के आसपास बदरीनाथ से देहरादून के लिए उड़ा था। हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन कम्पनी का बताया जा रहा है। अभी तक हेलीकॉप्टर का मलबा नहीं मिला है। SDRF और पुलिस बल सर्च ऑपरेशन कर रहा है।
उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट ऑथरिटी (UCADA) के CEO प्रतीक जैन ने बताया कि अभी हेलीकॉप्टर को सर्च किया जा रहा है। जैसे ही मौसम साफ होता है, हम हेलीकॉप्टर को भी सर्च ऑपरेशन में लगाएंगे। विमान में सवार सभी यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं।
हेलीकॉप्टर के चट्टान से टकराने की आशंका
सूत्रों के अनुसार, ऐसी आशंका है कि विमान चट्टान से टकराकर क्रैश हुआ है। विमान की आखिरी लोकेशन जोशीमठ के चाई गांव के पास मिली थी। मौके पर एसडीएम समेत राहत बचाव दल रवाना हो गया है। SDRF की टीम पहाड़ी पर चढ़ रही है।
UCADA कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि चाईं गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत हेली की लोकेशन दिख रही है, जो बदरीनाथ से सहस्त्रधारा के लिए आ रहा था।
हादसे में लापता हुए इस हेलीकॉप्टर में पायलट के अलावा 5 यात्री भी सवार थे। हेलीकॉप्टर में पायलट हिमांशु, यात्रियों में प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एच.एस. नागाराजा सवार थे।
सीएम धामी ने घटना पर दुख जताया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि 'चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, SDRF द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।'



