मां की अंतिम विदाई में भावुक हुए सीएम योगी आदित्यनाथ, छलक पड़े आंसू
मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। पंचूर गांव में मां के पार्थिव शरीर को देखकर छलके आंसू, जानिए मां-बेटे के रिश्ते से जुड़े भावुक...
उत्तराखंड/जनमत न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय खुद को भावुक होने से नहीं रोक सके। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास पर मां के पार्थिव शरीर को देखकर उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कुछ देर तक मौन खड़े होकर उन्हें निहारते रहे। इस दौरान कई बार उनकी आंखें नम हुईं। खुद को संभालने के लिए वह रूमाल से आंसू पोंछते नजर आए।
मां के पार्थिव शरीर को देखकर भावुक हुए योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम करीब 4 बजकर 55 मिनट पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। घर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले अपनी मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। मां के सामने कुछ देर तक मौन खड़े रहे योगी आदित्यनाथ की नम आंखों को देखकर वहां मौजूद परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण भी भावुक हो गए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों से मां की तबीयत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि मां की तबीयत कब से खराब थी और उन्हें किन-किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मां के अंतिम दिनों से जुड़ी बातें सुनते समय माहौल बेहद गमगीन हो गया।
सीएम योगी के गांव पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके पैतृक आवास पहुंचने लगे। आसपास के गांवों और दूर-दराज के इलाकों से आए लोगों ने भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे पंचूर गांव में शोक का माहौल रहा।
इस दौरान उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक रेणु बिष्ट, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंतिम विदाई की तैयारियों के दौरान भी छलके आंसू
मां को अंतिम विदाई देने की तैयारियों के बीच भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार भावुक दिखाई दिए। मां को खोने का दुख उनके चेहरे पर साफ नजर आ रहा था। इस दौरान निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी पंचूर पहुंचे। उन्होंने सावित्री देवी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मां सावित्री देवी से था योगी आदित्यनाथ का गहरा लगाव
संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ ने सांसारिक जीवन और पारिवारिक जिम्मेदारियों से दूरी बना ली थी, लेकिन मां सावित्री देवी के प्रति उनका स्नेह हमेशा बना रहा। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह समय-समय पर अपने पैतृक गांव पंचूर जाकर मां से मुलाकात करते थे और उनका आशीर्वाद लेते थे।
मई 2022 में मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी पहली बार मां से मिलने अपने गांव पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। बताया जा रहा है कि इसी महीने भी वह मां से मिलने पंचूर जाने की योजना बना रहे थे।
जब संन्यास के बाद मां से योगी ने ली थी पहली भिक्षा
योगी आदित्यनाथ के जीवन का एक भावुक प्रसंग वर्ष 1998 से जुड़ा है। संन्यास लेने के करीब चार साल बाद जब वह अपने गांव पहुंचे थे, तब संन्यासी परंपरा के अनुसार उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से पहली भिक्षा ली थी।
योगी की बहन शशि पयाल के मुताबिक, उस समय सावित्री देवी ने उन्हें फल, चावल और रुपये भिक्षा में दिए थे। यह पल मां और पूरे परिवार के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था। भिक्षा देते समय मां के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी रो पड़े थे। योगी आदित्यनाथ की आंखें भी नम हो गई थीं।
मां की तबीयत खराब होने पर एम्स मिलने पहुंचे थे योगी
मां सावित्री देवी के स्वास्थ्य को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हमेशा चिंतित रहते थे। जून 2024 में जब उन्हें मां के ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती होने की जानकारी मिली तो वह उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे।
सावित्री देवी को मई 2024 में एम्स में भर्ती कराया गया था। 16 मई को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। इसके बाद 14 जून 2024 को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा भर्ती कराया गया। 16 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एम्स पहुंचकर मां से मुलाकात की थी।
इसके अलावा 10 अक्टूबर 2024 को तबीयत बिगड़ने पर सावित्री देवी को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मुख्यमंत्री उनसे मिलने पहुंचे थे।
योगी की बहन शशि पयाल के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से मां की तबीयत खराब होने के कारण वह फोन पर बातचीत नहीं कर पा रही थीं। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी अपने भाइयों के संपर्क में रहते थे और लगातार मां के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहते थे।
मां और बेटे के इस अटूट रिश्ते की यादें आज पंचूर गांव में हर किसी की आंखें नम कर रही हैं। संन्यास के बाद भी मां के प्रति योगी आदित्यनाथ का स्नेह और सम्मान हमेशा बना रहा। मां को अंतिम विदाई देते समय उनकी भावुक तस्वीरें इस रिश्ते की गहराई बयां कर रही हैं।



