श्रीराम कथा के चौथे दिन खलीलाबाद में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भव्य आरती के साथ हुआ शुभारंभ
संतकबीरनगर के खलीलाबाद में सात दिवसीय श्रीराम कथा के चौथे दिन भगवान श्रीराम की भव्य आरती के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। स्वामी विष्णु दास जी महाराज ने सुनाई श्रीराम कथा।
संतकबीरनगर/जनमत न्यूज़:- जनपद संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्थित जूनियर हाईस्कूल, बंजरिया मार्ग के मैदान में चल रहे सात दिवसीय संगीतमयी श्रीराम कथा अमृत महोत्सव के चौथे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भगवान श्रीराम की भव्य आरती और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ चौथे दिन के कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस दौरान पूरा कथा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान रहा।
श्रीराम नाम जागरण मंच एवं जनमत सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में परम पूज्य स्वामी विष्णु दास जी महाराज के सानिध्य में कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर आयोजन के संरक्षक एवं जनमत सेवा संस्थान के अध्यक्ष अभिलाष भट्ट ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भगवान श्रीराम की आरती उतारी। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भी प्रभु के जयकारे लगाए और वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
स्वामी विष्णु दास जी महाराज ने किया कथा का वाचन
भगवान श्रीराम की आरती के उपरांत कथा व्यास स्वामी विष्णु दास जी महाराज ने श्रीराम कथा का वाचन प्रारंभ किया। उनकी अमृतमयी वाणी से कथा का श्रवण करने के लिए श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ मौजूद रहे। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों, मर्यादा, त्याग और धर्म के संदेशों को सुनकर श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं में दिखा विशेष उत्साह
सात दिवसीय श्रीराम कथा अमृत महोत्सव को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और अन्य श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचकर प्रभु श्रीराम की महिमा का श्रवण कर रहे हैं। चौथे दिन भी श्रद्धालुओं की बड़ी मौजूदगी से पूरा कथा पंडाल आस्था और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से प्रेरणा लेने और परिवार एवं समाज में प्रेम, सद्भाव तथा नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।



