संभल: खिड़की तोड़कर घर में घुस गया युवक, महिला से किया दुष्कर्म; केस दर्ज आरोपी फरार
उप्र के संभल जनपद से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मध्यरात्रि एक महिला के साथ दुष्कर्म के आरोपी युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मध्यरात्रि एक महिला के साथ दुष्कर्म के आरोपी युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी के साथ मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला जनपद के थाना ऐंचौड़ा कंबोह क्षेत्र के एक गांव का है।
आरोप है कि मध्यरात्रि पड़ोस में रहने वाला युवक नितिन पुत्र हरपाल सिंह खिड़की तोड़कर महिला के घर में घुस गया। आरोपी ने महिला का मुंह दबाकर जान से मारने की धमकी दी और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना पुलिस को शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 64(1), 333 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर ली है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है।
इस घटना से जुड़े एक वीडियो में आरोपी युवक के हाथ-पैर बांधकर उसे जमीन पर गिराकर ग्रामीणों द्वारा मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में आरोपी के चेहरे पर लात-घूंसे बरसाए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। वायरल वीडियो के मामले में भी पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी मोहित काजला ने बताया पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Janmat News 
