Jio के शेयरों की बाजार में शानदार एंट्री, 21.36 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ हुई लिस्टिंग
भारतीय पूंजी बाजार के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। देश का अब तक का सबसे बड़ा और 10.3 लाख करोड़ रुपये के वैल्यूएशन वाला IPO पूरा करने के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के शेयर आज बुधवार को NSE और BSE पर लिस्ट हो गया।
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। भारतीय पूंजी बाजार के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। देश का अब तक का सबसे बड़ा और 10.3 लाख करोड़ रुपये के वैल्यूएशन वाला प्राथमिक निर्गम (IPO) पूरा करने के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) के शेयर आज बुधवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट हो गया।
कंपनी के शेयर BSE और NSE पर 21.36 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 1358 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए। सुबह 11 बजकर 33 मिनट पर जियो के शेयर 1362.75 रुपये के भाव पर कारोबार करते दिखे।
क्या देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बनी जियो?
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड बुधवार को दलाल स्ट्रीट पर शानदार शुरुआत के बाद बाजार मूल्यांकन के हिसाब से दूसरी सबसे मूल्यवान भारतीय कंपनी बन गई।
बीएसई पर शुरुआती डील के दौरान कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन Rs 12,50,586.39 करोड़ था। डोमेस्टिक मार्केट कैप रैंकिंग में अब जियो प्लेटफॉर्म्स सिर्फ रिलायंस इंडस्ट्रीज से पीछे है। रिलायंस का मार्केट वैल्यूएशन Rs 15,89,937.97 करोड़ है।
बाजार पूंजीकरण (एमकैप) रैंकिंग में शीर्ष पांच क्रम इस प्रकार हैं - रिलायंस इंडस्ट्रीज 15.89 लाख करोड़ रुपये, जियो प्लेटफॉर्म्स 12.50 लाख करोड़ रुपये, भारती एयरटेल 12.05 लाख करोड़ रुपये,
एचडीएफसी बैंक 10.42 लाख करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक 9.80 लाख करोड़ रुपये। जियो प्लेटफॉर्म्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज दोनों का संयुक्त बाजार मूल्यांकन 28.40 लाख करोड़ रुपये है।
आईपीओ में दांव लगाने वालों को कितना मुनाफा मिला?
प्राथमिक बाजार में मिले मजबूत समर्थन के बाद 28 अक्टूबर को शेयर बाजार खुलते ही जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर ₹1,358 पर ट्रेड करने लगा। इश्यू प्राइस के अपर प्राइस बैंड ₹1,119 के मुकाबले 21.36 प्रतिशत के प्रीमियम पर लिस्ट होने से आवंटन पाने वाले निवेशकों को सीधे प्रति शेयर ₹239 का लिस्टिंग गेन हासिल हुआ।
कारोबार के शुरुआती दौर में लिवाली के दम पर यह शेयर बीएसई पर 22.87 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹1,375 तक पहुंचा।
₹12.5 लाख करोड़ के बाजार पूंजीकरण के साथ इस कंपनी ने हुंडई मोटर इंडिया (₹27,859 करोड़), NSE (₹22,562 करोड़), LIC (₹20,557 करोड़) और PAYTM (₹18,300 करोड़) को पीछे छोड़ते हुए देश के सबसे बड़े पब्लिक इश्यू का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराया है।



