मप्र: तो क्या गले की हड्डी बन गई लाडली बहन योजना, CM मोहन यादव ने ऐसा क्या कहा?

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सरकार की प्रमुख योजनाओं में एक लाडली बहन योजना को बहुत खर्चीला बताया है। वे राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में एक कार्यक्रम के दौरान सवालों का जवाब दे रहे थे।

मप्र: तो क्या गले की हड्डी बन गई लाडली बहन योजना, CM मोहन यादव ने ऐसा क्या कहा?
Published By- Diwaker Mishra

भोपाल/जनमत न्यूज़। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सरकार की प्रमुख योजनाओं में एक लाडली बहन योजना को बहुत खर्चीला बताया है। वे राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में एक कार्यक्रम के दौरान सवालों का जवाब दे रहे थे।

छतरपुर की बुंदेली कंटेट क्रिएटर बिन्नू रानी के सवालों का जवाब देते हुए सीएम यादव ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि मुख्यमंत्री बनने के समय उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि आर्थिक बोझ इतना भारी होगा।

बुंदेली समागम-2026 कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने लाडली बहन योजना को लेकर बिन्नू के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मुझे क्या मालूम था कि मुख्यमंत्री बनते ही इतनी भारी मार पड़ती है, लाडली बहना योजना बहुत खर्चीली साबित हुई।

उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा था कि सरकार इतना कुछ करने के बाद बेटियों के लिए और क्या योजना बना रही है। सीएम मोहन यादव हंसते हुए आगे कहते हैं कि बेटा ये अंदर की बात है... मुझे क्या पता था कि मुख्यमंत्री बनते ही ऐसी मार पड़ती है।

मोहन यादव आगे क्या बोले

मोहन यादव ने बिन्नू रानी से आगे कहा, "हमारी बहनों के मामले में कोई परेशानी नहीं है। लाडली बहन योजना का सफर 1000 रुपये से शुरू हुआ था। शुरुआत में काफी दिक्कतें आईं, लेकिन अब हम 1500 रुपये तक दे रहे हैं। चिंता मत करो। अभी तुम लाडली बहन योजना के लिए योग्य नहीं हो। थोड़ी और बड़ी हो जाओ, फिर हम तुम्हें यह योजना दे देंगे।"

कांग्रेस ने कसा तंज 

सीएम मोहन यादव के लाडली बहन योजना को लेकर दिए बयान पर कांग्रेस ने भी तंज कसा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता उमंग सिंघर ने निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले लाडली और सत्ता में आते ही परेशानी। यही है भाजपा का महिला सम्मान।

सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया

सीएम मोहन यादव के इस बयान पर इंटरनेट पर भी मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कुछ X यूजर्स का कहना है कि सीएम मोहन यादव बच्ची के साथ मजाक कर रहे थे, चुनाव का समय नजदीक आते ही कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई है।

वहीं, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि सीएम यादव के मुंह से सच्चाई निकल आई। लाडली बहन योजना एमपी में भाजपा सरकार के गले की हड्डी बन गई है।

सालाना 22 हजार से ज्यादा करोड़ खर्च

बता दें कि मप्र सरकार लाडली बहन योजना के लिए वर्तमान में 1,500 रुपये की मासिक सहायता कर रही है। इस योजना से राज्य के खजाने पर सालाना लगभग 22,680 करोड़ रुपये का खर्च पड़ रहा है।

शिवराज सरकार लाई थी योजना

मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की घोषणा शिवराज सिंह चौहान ने अपने मुख्यमंत्री रहते 28 जनवरी 2023 को की थी। हालांकि इसकी औपचारिक उसी वर्ष 5 मार्च को शुरू कर दी गई।

पहली मासिक किस्त जून 2023 को जारी हुई थी। महिलाओं को शुरू में प्रति माह 1000 रुपये देने का वादा किया गया था। बाद में राशि बढ़ाकर 1250 रुपये और फिर नवंबर 2025 में 1500 रुपये कर दी गई।