ई-रिक्शा चलाकर परिवार की मदद करने वाले कृष्णा सरोज का आईपीएल में हुआ चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर

Ranji Trophy में शानदार प्रदर्शन के बाद कृष्णा सरोज का चयन आईपीएल में Kings XI Punjab (नेट बॉलर) के रूप में हुआ है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कृष्णा ने अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

ई-रिक्शा चलाकर परिवार की मदद करने वाले कृष्णा सरोज का आईपीएल में हुआ चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद के बिहार विकास क्षेत्र के युवा क्रिकेटर कृष्णा सरोज का Indian Premier League में चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। इसी क्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार चंदन सिंह ने कृष्णा सरोज के घर पहुंचकर उनके परिजनों को बधाई दी और उनका सम्मान किया।

इस दौरान चंदन सिंह ने कृष्णा सरोज के परिवार का मुंह मीठा कराकर उन्हें अंगवस्त्र और उपहार भेंट किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत और लगन से अपनी पहचान खुद बनाती है। उन्होंने कहा कि कृष्णा सरोज का आईपीएल में चयन न केवल क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है।

जानकारी के अनुसार, Ranji Trophy में शानदार प्रदर्शन के बाद कृष्णा सरोज का चयन आईपीएल में Kings XI Punjab (नेट बॉलर) के रूप में हुआ है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कृष्णा ने अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

कृष्णा सरोज की संघर्षपूर्ण कहानी युवाओं के लिए एक मिसाल बन गई है। वह पढ़ाई और क्रिकेट की प्रैक्टिस के साथ-साथ ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार की आर्थिक मदद भी करते रहे हैं। कृष्णा बिहार विकास क्षेत्र के कोर्रही सराय अंधराय गांव के निवासी हैं। उनके पिता बाबूलाल सरोज ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं, जबकि माता मीरा देवी गृहिणी हैं। पांच भाई-बहनों में कृष्णा चौथे नंबर पर हैं।

ग्रामीणों के अनुसार आज भी कृष्णा के घर तक पहुंचने के लिए पगडंडी ही एकमात्र रास्ता है। ऐसे में ग्रामीणों और परिजनों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी के घर तक पक्का रास्ता बनवाया जाए, ताकि गांव के लोगों को भी आने-जाने में सुविधा मिल सके।

कृष्णा सरोज की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और सहयोग मिले, तो वे भविष्य में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।