देवउठनी एकादशी पर खलीलाबाद में सामूहिक हवन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दी आहुति

संतकबीरनगर के खलीलाबाद में श्रीराम कथा अमृत महोत्सव के दूसरे दिन देवउठनी एकादशी पर सामूहिक हवन हुआ। स्वामी विष्णु दास जी महाराज ने विधि-विधान से हवन संपन्न कराया।

देवउठनी एकादशी पर खलीलाबाद में सामूहिक हवन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दी आहुति
Published By- A.K. Mishra

संतकबीरनगर/जनमत न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा अमृत महोत्सव में भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर श्रीराम कथा स्थल पर सामूहिक हवन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।

हवन के दूसरे दिन सुबह से ही कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं सहित बड़ी संख्या में भक्तों ने धार्मिक अनुष्ठान में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की पवित्र अग्नि के बीच पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

इस सामूहिक हवन की विशेष बात यह रही कि कथा व्यास परम पूज्य स्वामी विष्णु दास जी महाराज ने स्वयं हवन की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई। उन्होंने वैदिक विधि-विधान के अनुसार श्रद्धालुओं से आहुतियां अर्पित कराईं। भक्तों ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ हवन में भाग लेते हुए मंगलकामना की।

इस अवसर पर आयोजन के संरक्षक एवं जनमत सेवा संस्थान के अध्यक्ष अभिलाष भट्ट, पंडित निर्मल शास्त्री जी सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने भी हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कीं। आयोजन समिति की ओर से धार्मिक अनुष्ठान को विधिवत संपन्न कराया गया।

गौरतलब है कि खलीलाबाद के बंजरिया मार्ग स्थित जूनियर हाईस्कूल मैदान में श्रीराम नाम जागरण मंच और जनमत सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय श्रीराम कथा अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कथा श्रवण के साथ-साथ यहां प्रतिदिन आयोजित हो रहे धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित सामूहिक हवन में सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने श्रीराम कथा अमृत महोत्सव के आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण को और भी विशेष बना दिया।