नासिक के TCS धर्मांतरण कांड वाली निदा खान पहुंची अदालत; बोली- प्रेग्नेंट हूं, जमानत दे दीजिए

महाराष्ट्र के नासिक के टीसीएस में धर्मांतरण कराने के आरोपों में घिरी कंपनी की नासिक यूनिट की एचआर हेड निदा खान ने अदालत से अग्रिम जमानत की मांग की है।

नासिक के TCS धर्मांतरण कांड वाली निदा खान पहुंची अदालत; बोली- प्रेग्नेंट हूं, जमानत दे दीजिए
Published By- Diwaker Mishra

नासिक/जनमत न्यूज़। महाराष्ट्र के नासिक के टीसीएस में धर्मांतरण कराने के आरोपों में घिरी कंपनी की नासिक यूनिट की एचआर हेड निदा खान ने अदालत से अग्रिम जमानत की मांग की है। फिलहाल गिरफ्तारी से बचती घूम रही निदा खान ने नासिक की स्थानीय अदालत का रुख किया है।

उसका कहना है कि मैं गर्भवती हूं और मुझे इसके चलते राहत देते हुए अग्रिम जमानत प्रदान की जाए। उसके परिवार की ओर से जानकारी मिली है कि फिलहाल वह मुंबई में है। फिलहाल SIT इस मामले की जांच में जुटी है और निदा खान को भी हिरासत में लेने की तैयारी है।

निदा खान ने टीसीएस की नासिक स्थित बीपीओ यूनिट को 2021 में जॉइन किया था। धर्मांतरण कांड के इस पूरे मामले में निदा खान का भी नाम चर्चा में है और उसे मुख्य किरदारों में से एक माना जा रहा है।

पुलिस इस मामले में उन 9 शिकायतों की जांच कर रही है, जिसमें यौन उत्पीड़न और फिर जबरन धर्मांतरण के आरोप लगाए गए हैं। अब तक इस मामले में 7 लोगों को अरेस्ट किया जा चुका है। 8 महिला कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीते सप्ताह ही एक एसआईटी का गठन किया था।

महिला कर्मचारियों का आरोप है कि उनके सीनियर्स ने उनका मानसिक और यौन शोषण किया। इस संबंध में जब एचआर से शिकाय की गई तो उन्हें नजरअंदाज किया गया। यह पूरा घटनाक्रम बीते 4 सालों से चल रहा था। फरवरी 2022 से मार्च 2026 तक यह प्रकरण चला है।

पुलिस का कहना है कि एक महिला कर्मचारी तो एक शख्स के साथ लगातार शारीरिक संबंध बना रही थी। उसके सीनियर ने वादा किया था कि वह शादी करेगा। यही नहीं उसी शख्स ने एक और महिला कर्मचारी के साथ यौन शोषण का प्रयास किया था।

इसके अलावा उसके और परिवार के बारे में अवांछित टिप्पणियां की थीं। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में जब महिला कर्मचारियों ने एचआर से शिकायत की तो संज्ञान नहीं लिया गया।

इससे उलट उनकी शिकायतों को ही दबाने का प्रयास हुआ था। इसके अलावा एक पुरुष कर्मचारी पर भी दबाव बनाया गया था। उसे नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया जाता था और उसके अपने धर्म का अपमान किया जाता था।

अब तक कितने लोग पुलिस ने पकड़े, HR हेड भी शामिल

अब तक पुलिस ने जिन लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है, उनमें दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और एचआर हेड अश्विनी चैनानी शामिल हैं। वहीं इस मामले में टीसीएस का कहना है कि हम जीरो टॉलरेंस की नीति पर यकीन रखते हैं।

कंपनी ने कहा कि हमारी ओर से पुलिस को पूरा सहयोग किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि हमारी हमेशा से जीरो टॉलरेंस की नीति रही है। वर्कप्लेस पर महिलाओं की सुरक्षा और उनकी गरिमा का ख्याल रखना हमारी शीर्ष प्राथमिकता है।