महाराष्ट्र: NCP के 22 MLA टूटने की अटकलें, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिले दो बड़े नेता
महाराष्ट्र की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सरकार में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के 20 से ज्यादा विधायकों के टूटने की अटकलें हैं। इसी बीच खबर है कि पार्टी के दो बड़े नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है।
मुंबई/जनमत न्यूज़। महाराष्ट्र की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सरकार में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के 20 से ज्यादा विधायकों के टूटने की अटकलें हैं। इसी बीच खबर है कि पार्टी के दो बड़े नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है।
खास बात है कि यह मीटिंग ऐसे समय पर हुई है, जब एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चाएं चल रहीं हैं। साथ ही फडणवीस ने कहा था कि बगैर भारतीय जनता पार्टी से बातचीत के बगैर विलय नहीं हो सकेगा।
महाराष्ट्र में एनसीपी की अगुवाई कर रहे सांसद सुनील तटकरे सीएम देवेंद्र फडणवीस से मिलने पहुंचे थे। खबर है कि उनके साथ धनंजय मुंडे भी मीटिंग के लिए गए थे।
हालांकि, बैठक के दौरान किन मुद्दों पर बात हुई, यह अब तक साफ नहीं हो सका है। खास बात है कि तटकरे एक दिन पहले ही उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से भी मिले थे।
दो मांगों पर चल रही है चर्चा
खास बात है कि इस समय दो मुद्दे महाराष्ट्र की राजनीति में तूल पकड़ रहे हैं। पहला इनमें एनसीपी का विलय और दूसरा वित्त मंत्रालय की मांग है। फिलहाल, यह मंत्रालय मुख्यमंत्री के पास है और इससे पहले दिवंगत अजित पवार के पास था। अब एनसीपी की तरफ से वित्त मंत्रालय की मांग की जा रही है, जिसपर अंतिम फैसला अब तक नहीं लिया गया है।
बैठकों का दौर जारी
एक ओर जहां तटकरे और मुंडे ने फडणवीस से मुलाकात की है। वहीं, इससे पहले तटकरे कटेवाड़ी स्थित पवार परिवार के आवास पहुंचे थे। खबर है कि यहां उन्होंने सुनेत्रा पवार, सांसद पार्थ पवार और पवार परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लगभग 40 से 45 मिनट तक विस्तार से चर्चा की। इस लंबी बैठक के दौरान चर्चा किन मुद्दे पर हुई है, साफ नहीं हुआ है।
इससे पहले पार्टी के शीर्ष नेताओं में शामिल प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल समेत कई नेता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले थे। बाद में अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान शरद पवार से मिलने प्रफुल्ल पटेल पहुंचे थे।
तब सामने आया था कि शरद पवार ने 10 तारीख के बाद पटेल से बातचीत करने के लिए कहा है। फिलहाल, बैठक को लेकर लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले की ओर से कुछ नहीं कहा गया है।
संजय राउत बोले- 20 से 22 विधायक टूटेंगे
शिवसेना उद्धव बालासाहब ठाकरे नेता संजय राउत का कहना है कि 20 से 22 विधायक एनसीपी का साथ छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा, 'सुनेत्रा पवार की पार्टी के 20 से 22 विधायक कभी भी अलग हो सकते हैं।
अगर वे अपने मूल घर (शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा) में लौटते हैं, तो यह विलय नहीं कहलाएगा। या फिर वे चुनावों से पहले किसी अन्य पार्टी में शामिल हो सकते हैं।'
विलय पर भाजपा का क्या कहना
सीएम फडणवीस ने 10 नवंबर को कहा था कि विलय को लेकर फैसला शरद पवार और सुनेत्रा पवार की तरफ से ही लिया जा सकता है। साथ ही उन्होंने कहा था, 'यदि वे विलय करने का फैसला करते हैं, तो वे हमें बताएंगे, क्योंकि हमारे बिना विलय नहीं हो सकता लेकिन उनमें से किसी ने भी अभी तक हमें कुछ नहीं बताया है।'
राज्य की महायुति सरकार में एनसीपी शामिल है। जबकि, एनसीपी एसपी विपक्षी गठबंधन INDIA और महाविकास अघाड़ी का हिस्सा है।



