रामपुर: झाड़ियों में मिला पांच वर्षीय मासूम बच्ची का शव, सातवीं के छात्र ने गला दबाकर की हत्या
उप्र के रामपुर जनपद के शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के भीतरगांव के पास लख्खी बाग में गुरुवार सुबह बांस की झाड़ियों में पांच वर्षीय मासूम बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची बुधवार से लापता थी।
रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद के शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के भीतरगांव के पास लख्खी बाग में गुरुवार सुबह बांस की झाड़ियों में पांच वर्षीय मासूम बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची बुधवार से लापता थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले का खुलासा करते हुए सातवीं कक्षा के एक छात्र को हिरासत में लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बच्ची की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
भीतरगांव निवासी विजय प्रजापति का परिवार बुधवार को पड़ोस के घर में गमी में शामिल होने गया था। इस दौरान उसकी पांच वर्षीय बेटी शिवांगी घर में अकेली खेल रही थी।
परिजन जब वापस लौटे तो शिवांगी घर पर नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर बच्ची की गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस ने रातभर बच्ची की तलाश में अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह डॉग स्क्वाड की मदद से दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। कॉम्बिंग के दौरान लख्खी बाग में बांस की झाड़ियों के बीच बच्ची का शव बरामद हुआ।
शव मिलने की सूचना पर एसपी अनिल कुमार सिसोदिया और एएसपी अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीमें हत्याकांड के खुलासे में जुट गईं।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सातवीं कक्षा के छात्र ने शिवांगी की हत्या करने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले बच्ची को गांव की परचून की दुकान से टॉफी दिलाई और फिर उसे झाड़ियों में ले गया। वहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह शिव मंदिर में भंडारा खाने चला गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



