YouTube ने की नए फीचर्स की घोषणा, सिर्फ एक प्रॉम्प्ट और सामने होंगे मनपसंद वीडियोज

YouTube ने मोबाइल और डेस्कटॉप पर अपने होम पेज एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने के लिए नए फीचर्स की घोषणा की है।

YouTube ने की नए फीचर्स की घोषणा, सिर्फ एक प्रॉम्प्ट और सामने होंगे मनपसंद वीडियोज
Published By- Diwaker Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। YouTube ने मोबाइल और डेस्कटॉप पर अपने होम पेज एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने के लिए नए फीचर्स की घोषणा की है। Google के मालिकाना हक वाला ये वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म अब यूजर्स को अपने शब्दों में डिस्क्राइब करके कस्टम फीड्स तैयार करने की सुविधा दे रहा है।

इसके साथ ही होम टैब को भी रीडिजाइन किया गया है। मोबाइल एप पर अब अलग-अलग कंटेंट फॉर्मेट्स के लिए डेडिकेटेड फीड्स मिलेंगे, वहीं पुराने 'Subscriptions' फीड को सीधे होम टैब के टॉप बार में शिफ्ट कर दिया गया है। ये नया कस्टम फीड फीचर फिलहाल अमेरिका में उपलब्ध कराया गया है।

पर्सनलाइज्ड वीडियो रिकमेंडेशन्स के लिए आया Custom Feeds

एक कम्युनिटी पोस्ट में YouTube ने इन नए फीचर्स के रोलआउट की जानकारी दी, जिसका मकसद कंटेंट डिस्कवरी को और आसान और तेज बनाना है। प्लेटफॉर्म अब यूजर्स को केवल ये लिखकर बताने की छूट देता है कि वे किस तरह का वीडियो देखना चाहते हैं और YouTube उसी आधार पर एक अलग फीड तैयार कर देता है।

यूजर्स होम फीड के टॉप पर दिए गए '+' बटन पर टैप करके और अपना डिस्क्रिप्शन टाइप करके एक नया कस्टम फीड बना सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर कोई यूजर '10 मिनट से कम के गाइडेड मेडिटेशन' या 'योगा क्लासेस' की डिमांड टाइप करता है, तो YouTube उस डिस्क्रिप्शन के आधार पर एक बिल्कुल पर्सनलाइज्ड फीड तैयार कर देगा।

YouTube का कहना है कि ये कस्टम फीड्स स्क्रीन के टॉप पर सेव हो जाते हैं, ताकि यूजर्स को हर बार नया फीड बनाए बिना अपनी अलग-अलग पसंद और इंट्रेस्ट्स के बीच स्विच करने की सुविधा मिल सके।

किसी मौजूदा फीड के टॉप पर दिए गए प्रॉम्प्ट बॉक्स पर टैप करके यूजर्स उस टेक्स्ट में बदलाव भी कर सकते हैं। हालांकि, इनएक्टिविटी के चलते ये कस्टम फीड प्रॉम्प्ट्स 30 दिनों के बाद एक्सपायर हो जाते हैं।

बिना YouTube Premium सब्सक्रिप्शन वाले यूजर्स मैक्जिमम तीन एक्टिव कस्टम फीड्स सेव कर सकते हैं। दूसरी तरफ, प्रीमियम सब्सक्राइबर्स को आठ कस्टम फीड्स तक सेव करने की सुविधा मिलती है।

मोबाइल डिवाइसेज पर तैयार किए गए फीड्स डेस्कटॉप वर्जन के साथ भी सिंक हो जाएंगे, बशर्ते यूजर दोनों जगह एक ही Google अकाउंट से साइन-इन हो। ये कस्टम फीड फीचर फिलहाल मोबाइल और डेस्कटॉप पर अंग्रेजी भाषा में रोलआउट किया जा रहा है।

ये अमेरिका में उन साइन-इन यूजर्स के लिए उपलब्ध है जिनकी उम्र 13 साल या उससे ज्यादा है और जिनका सर्च हिस्ट्री का ऑप्शन इनेबल है। YouTube ने पुष्टि की है कि आने वाले समय में इसे दूसरे क्षेत्रों और ज्यादा यूजर्स के लिए भी रोलआउट किया जाएगा।

होम टैब का नया डिजाइन और टॉप बार में बदलाव

इसके अलावा, YouTube ने अपनी मोबाइल एप के होम पेज पर टॉप बार को पूरी तरह नया रूप दिया है ताकि यूजर्स को डेडिकेटेड फीड्स और पर्सनलाइज्ड फीचर्स का क्विक एक्सेस मिल सके।

प्लेटफॉर्म ने होम टैब के टॉप पर स्टैंडर्ड फीड्स जोड़े हैं, जिनमें Live, Music, और Movies & TV शामिल हैं। ये सुविधा एक्टिव सब्सक्रिप्शन वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध है। वहीं, पहले नीचे अलग से दिखने वाले 'Subscriptions' फीड को अब सीधे होम टैब के टॉप बार में ही जगह दे दी गई है।