महाराष्ट्र नगर निकाय के लिए मतदान कल, 16 को नतीजे; BMC सहित 29 निगमों में रोचक सियासी लड़ाई
महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनावों के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) सहित 29 नगर निगमों में यह चुनाव तीन साल के देरी से हो रहे हैं।
मुंबई/जनमत न्यूज़। महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनावों के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) सहित 29 नगर निगमों में यह चुनाव तीन साल के देरी से हो रहे हैं। राज्य चुनाव आयोग की तरफ से लगातार चुनावों की तैयारियों पर नजर रखी जा रही है। सभी पार्टियों के गठबंधन, सीटें और उम्मीदवार तय हो चुके हैं।
चुनाव की तारीख और नतीजे
महाराष्ट्र में BMC सहित 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी, 2026 को कराए जाएंगे। यह चुनाव एक ही चरण में होंगे। मतदाता चुनाव में आसानी से वोट कर सकें इसके लिए सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की गई है। ग्रेटर मुंबई के सभी पोलिंग स्टेशनों पर सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक वोटिंग होगी। नतीजे 16 जनवरी, 2025 को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव से जुड़ी कुछ जरूरी तारीख
नामांकन का प्रक्रिया 23 दिसंबर 2025 से शुरू हुई थी। वहीं नामांकन की आखिरी तारीख 30 दिसंबर थी। जिन उम्मीदवारों ने नामांकन कर दिया था, लेकिन किसी कारणवश नाम वापस लेना हो तो उसकी तारीख 2 जनवरी रखी गई थी। 3 जनवरी को जो उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, उनकी अंतिम सूची जारी हुई थी। मतदान 15 जनवरी को होगा। नतीजों की घोषणा 16 जनवरी को होगी।
BMC में 1.03 करोड़ मतदाता
BMC की सभी 227 वार्डों में 1.03 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डालने के योग्य हैं। महराष्ट्र में कुल 29 नगर निगम हैं। इसमें से BMC यानी बृहन्मुंबई नगर निगम सबसे बड़ा नगर निगम है।
किस गठबंधन के पास कितनी सीटें
सबसे पहले बात सत्तारूढ़ पार्टी की करते हैं। इसमें भाजपा-शिव सेना (एकनाथ शिंदे) शामिल हैं। इस गंठबंधन का नाम महायुति गठबंधन है। BMC के लिए महायुति के घटक दल भाजपा 137 और शिव सेना 90 सीटों पर चुनावी मैदान में है।
इसके साथ ही महायुति की तीसरी सहयोगी एनसीपी जो विधानसभा में गठबंधन के साथ है, उसने अकेले चुनाव लड़ने का एलान करते हुए 94 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
वहीं दूसरे गठबंधन की बात करें तो कांग्रेस के 143 उम्मीदवार मैदान में हैं। BMC में कांग्रेस का साथ पूर्व सांसद प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी दे रही है। वीबीए ने 42 सीटों पर उम्मीदवार उतारें हैं। कांग्रेस की एक और सहयोगी है राष्ट्रीय समाज पक्ष। यह छह सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
तीसरे गठबंधन की बात करें तो वह शिवसेना (उद्धव ठाकरे), एनसीपी (शरद पवार) और मनसे (राज ठाकरे) का है। शिवसेना के पास 150 से ज्यादा सीटें हैं, एनसीपी के पास 11 और हाल ही में अपने भाई से जुड़ने वाले राज ठाकरे की पार्टी बची हुई बाकी सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

Janmat News 
