मुजफ्फरनगर में निजी नर्सिंग होम पर गलत ऑपरेशन का आरोप, महिला के पैर कटने का खतरा

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में निजी नर्सिंग होम की गंभीर लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

मुजफ्फरनगर में निजी नर्सिंग होम पर गलत ऑपरेशन का आरोप, महिला के पैर कटने का खतरा
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में निजी नर्सिंग होम की गंभीर लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना शाहपुर क्षेत्र निवासी याकूब पुत्र इकबाल ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है कि जमील नर्सिंग होम, अंसारी रोड में उसकी पत्नी सलमा (43 वर्ष) के पैर के ऑपरेशन में भारी लापरवाही बरती गई, जिससे अब महिला के पैर कटने तक की नौबत आ गई है।

पीड़ित के अनुसार 13 मई 2025 को सलमा घर में फिसलकर गिर गई थीं, जिससे उनके बाएं पैर की हड्डी टूट गई। इलाज के लिए उन्हें जमील नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां 14 मई को डॉक्टर असजद जमील ने ऑपरेशन कर पैर में स्टील प्लेट डाली। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान ड्रिल मशीन की स्टील की बीट पैर के अंदर ही छोड़ दी गई।

इसके बाद महीनों तक दवाइयों के नाम पर इलाज चलता रहा और 7-8 महीनों में करीब 25 हजार रुपये प्रतिमाह खर्च कराए गए, लेकिन मरीज की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। बाद में मेरठ के एक अस्पताल में जांच कराने पर खुलासा हुआ कि ऑपरेशन में हुई लापरवाही के कारण पैर में गंभीर इंफेक्शन फैल चुका है और तत्काल दोबारा ऑपरेशन न होने पर पैर काटना पड़ सकता है।

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने डॉक्टर से दोबारा ऑपरेशन की जिम्मेदारी लेने को कहा तो डॉक्टर ने लगभग डेढ़ लाख रुपये खर्च बताकर इलाज से इंकार कर दिया और धमकी भी दी।

मामले को लेकर पीड़ित ने जिलाधिकारी से आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने, नर्सिंग होम का पंजीकरण निरस्त करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने पूरे प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए जांच टीम गठित कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

जन्मत न्यूज के संवाददाता द्वारा जब जमील नर्सिंग होम में डॉक्टर से पक्ष जानना चाहा गया तो डॉक्टर ने सामने आने से इंकार कर दिया। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन ऐसे लापरवाह डॉक्टर और नर्सिंग होम पर सख्त कार्रवाई करेगा या मामला कागजों में ही दबकर रह जाएगा।