बलरामपुर में सपा विधायक पर जबरन जमीन कब्जाने का आरोप, पीड़ित महिला ने लगाई न्याय व सुरक्षा की गुहार

उप्र के बलरामपुर जनपद की गैसड़ी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश यादव पर एक महिला ने जबरन जमीन कब्जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

बलरामपुर में सपा विधायक पर जबरन जमीन कब्जाने का आरोप, पीड़ित महिला ने लगाई न्याय व सुरक्षा की गुहार
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद की गैसड़ी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश यादव पर एक महिला ने जबरन जमीन कब्जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता संघमित्रा गौतम ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों द्वारा उसकी वैध भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे उसकी सुरक्षा को भी खतरा उत्पन्न हो गया है।

शिकायत पत्र के अनुसार, पीड़िता ने गैसड़ी क्षेत्र के ग्राम दुर्गापुर में स्थित गाटा संख्या 765/055, रकबा लगभग 15 डिसमिल भूमि को विधिवत रूप से क्रय किया था। वह उक्त भूमि पर आवास निर्माण की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि सपा विधायक राकेश यादव, उनके परिजन एवं सहयोगियों द्वारा दबंगई के बल पर उसके प्लॉट पर मिट्टी पटवाकर बाउंड्री करा दी गई और जबरन कब्जा कर लिया गया।

पीड़िता संघमित्रा गौतम का कहना है कि जब उसने इस अवैध कब्जे का विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज की गई, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला ने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में वह मानसिक रूप से भयभीत है और उसे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।

पीड़िता ने यह भी बताया कि उसने पूर्व में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन विधायक के प्रभाव के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। महिला का दावा है कि उसने इस मामले में उच्च न्यायालय तक का दरवाजा खटखटाया, जहां से आदेश भी पारित हुए, इसके बावजूद अब तक जमीन से अवैध कब्जा नहीं हटाया गया।

शिकायत पत्र में महिला ने उल्लेख किया है कि उसके पास भूमि से संबंधित सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं तथा सीमांकन भी कराया जा चुका है, इसके बावजूद दबंगों द्वारा कब्जा बनाए रखा गया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उसके प्लॉट को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो और उसे सुरक्षा प्रदान की जाए।

इस मामले के सामने आने के बाद जनपद के राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है। विपक्षी दलों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, प्रशासन की ओर से बताया गया है कि शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उधर, इस पूरे प्रकरण पर सपा विधायक राकेश यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।