औरैया के दिबियापुर में रेल विभाग के खिलाफ अनोखा आक्रोश, फफूंद स्टेशन को ‘अभागा’ घोषित करने की मांग

उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर के फफूंद रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की बहाली न होने से नाराज दिबियापुर क्षेत्र के नागरिकों ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।

औरैया के दिबियापुर में रेल विभाग के खिलाफ अनोखा आक्रोश, फफूंद स्टेशन को ‘अभागा’ घोषित करने की मांग
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

दिबियापुर(औरैया)/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर के फफूंद रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की बहाली न होने से नाराज दिबियापुर क्षेत्र के नागरिकों ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।

लोगों ने रेल मंत्री के नाम स्टेशन अधीक्षक फफूंद को व्यंग्यात्मक ज्ञापन सौंपते हुए फफूंद स्टेशन को अभागाघोषित करने और यहां रुकने वाली बची हुई एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी समाप्त करने की मांग कर डाली।

नागरिकों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि कोरोना काल के बाद फफूंद स्टेशन से कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव हटा दिया गया था। इनमें मूरी एक्सप्रेस और लिंक एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं, लेकिन लंबे समय बीतने के बाद भी इन ट्रेनों का ठहराव दोबारा शुरू नहीं किया गया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फफूंद रेलवे स्टेशन एक ग्रेड स्टेशन है और यहां से रेलवे को हर साल करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद एक्सप्रेस ट्रेनें स्टेशन पर रुकने के बजाय ऐसे निकल जाती हैं, जैसे यहां के यात्रियों की कोई अहमियत ही न हो।

ज्ञापन में व्यंग्य करते हुए लिखा गया कि जब करोड़ों रुपये की टिकट बिक्री करने वाला ग्रेड स्टेशन भी रेलवे की नजर में महत्वहीन है, तो यहां केवल पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव रखा जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को अपनी स्थिति का एहसास कराया जा सके।

साथ ही मांग की गई कि यदि एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं किया जा सकता तो फफूंद स्टेशन का नाम बदलकर नॉन-स्टॉपकर दिया जाए।

इस दौरान नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से यात्रियों की सुविधा को देखते हुए जल्द से जल्द एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव बहाल करने की मांग की। उनका कहना है कि फफूंद स्टेशन आसपास के कई कस्बों और गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां से बड़ी संख्या में यात्री रोजाना सफर करते हैं।

ज्ञापन युवा समाजसेवी अक्षय त्रिपाठी, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष व्यापारी नेता अजय गुप्ता पैराडाइज’, श्रीकृष्ण पिछड़ा, आदर्श यादव, पूर्व सभासद अनिल यादव, हरवीर सिंह यादव, अशोक उर्फ संदीप यादव, पंकज पोरवाल,

उमेश कुमार, मोहन, प्रशांत, रमेश चंद्र तिवारी सहित नगर के लोगों की मौजूदगी में स्टेशन अधीक्षक फफूंद को सौंपा गया। ज्ञापन की प्रतियां मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज को भी भेजी गई हैं। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की नगर में खूब चर्चा रही।

कई लोगों ने नागरिकों के इस तरीके को समर्थन देते हुए कहा कि रेलवे को यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए फफूंद स्टेशन पर जरूरी ट्रेनों का ठहराव फिर से शुरू करना चाहिए।