चन्दौली: युवक की हत्या का खुलासा, प्रेम प्रसंग और बेइज्जती का बदला लेने के लिए की गई थी वारदात

उप्र के चन्दौली जनपद की चकिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जोगिया कला में हुई युवक की निर्मम हत्या का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

चन्दौली: युवक की हत्या का खुलासा, प्रेम प्रसंग और बेइज्जती का बदला लेने के लिए की गई थी वारदात
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद की चकिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जोगिया कला में हुई युवक की निर्मम हत्या का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे अवैध संबंधों को लेकर उपजा विवाद और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने की भावना मुख्य वजह रही।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 5 जून 2026 की मध्य रात्रि में जोगिया कला निवासी बेचई उर्फ बृजेश यादव (34 वर्ष) की उनके घर के बाहर चारपाई पर सोते समय धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद थाना चकिया में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और अन्य तथ्यों को खंगाला। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी का गांव के ही सुनील यादव उर्फ कवि से पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

इस संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना से करीब एक सप्ताह पहले हुए झगड़े के बाद मृतक की पत्नी अपने बच्चों को लेकर मायके चली गई थी।

पुलिस के अनुसार पत्नी के जाने के बाद मृतक ने आरोपी सुनील यादव और उसके कथित अवैध संबंधों की चर्चा सार्वजनिक रूप से शुरू कर दी थी। आगामी प्रधान पद चुनाव की तैयारी कर रहे आरोपी ने इसे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा पर आघात माना और बदला लेने की ठान ली।

योजना के तहत आरोपी ने 5 जून की दोपहर अहिरौरा से लोहे की धारदार कुल्हाड़ी खरीदी। उसी रात जब गांव के लोग सो गए तो वह कुल्हाड़ी लेकर मृतक के घर पहुंचा और चारपाई पर सो रहे बेचई उर्फ बृजेश यादव की गर्दन पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी।

शोर न मचे, इसके लिए आरोपी ने मृतक के गमछे का टुकड़ा उसके मुंह में ठूंस दिया। वारदात के बाद आरोपी हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी अपने खेत में छिपाकर फरार हो गया।

पुलिस को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर 7 जून की शाम करीब 8 बजे मोकरम बंधी के पास से आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। चकिया पुलिस ने बताया कि हत्या की इस सनसनीखेज वारदात का सफल अनावरण करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।