अलीगढ़: अर्धनग्न हालत में सरसों के खेत में पड़ी मिली बुलंदशहर के युवक की लाश, जांच में जुटी पुलिस
उप्र के जनपद अलीगढ़ के थाना पिसावा क्षेत्र में रास्ते के किनारे सरसों के खेत में 32 वर्षीय एक व्यक्ति का अर्धनग्न हालत में लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट
अलीगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के जनपद अलीगढ़ के थाना पिसावा क्षेत्र में रास्ते के किनारे सरसों के खेत में 32 वर्षीय एक व्यक्ति का अर्धनग्न हालत में लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। व्यक्ति बुलंदशहर से पिसावा मढ़ हबीबपुर गांव अपनी पत्नी से ससुराल में मिलने आया था.
सूचना पर इलाका पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मृतक व्यक्ति की पहचान होने के बाद उसकी मौत की सूचना उसके परिजनों को देते हुए पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस और फोरेंसिक टीम पूरे मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि बुलंदशहर जिले के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति अलीगढ़ जिले के थाना पिसावा क्षेत्र के गांव मढ़ हबीबपुर में अपनी पत्नी से मिलने के लिए अपने घर से ससुराल के लिए निकला था। इस दौरान बुधवार को ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीण लोग सड़क से गुजर कर अपने-अपने निजी काम से जा रहे थे।
तभी ग्रामीणों की नजर सरसों के खेत में एक व्यक्ति की अर्धनग्न हालत में लाश पड़ी हुई देखी। ये खबर जंगल में लगी आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और ग्रामीणों का जमावड़ा लाश को देखने के लिए मौके पर उमड पड़ा। लाश पड़ी हुई होने की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई।
इस खबर पर पुलिस के उच्च अधिकारी समेत इलाका पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम के द्वारा घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए मौके से साक्ष्य संकलित किए गए। वही पुलिस नें मृतक व्यक्ति की पहचान जिला बुलंदशहर सिकंदराबाद निवासी 32 वर्षीय व्यक्ति सचिन के रूप में की।
मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसकी मौत की सूचना उसके परिजनों को दी। फोन पर बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना को लेकर क्षेत्राधिकारी खैर वरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना पिसावा क्षेत्र के गाँव मढ़ हबीबपुर में सड़क के किनारे सरसों के खेत में बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे मृत अवस्था में एक व्यक्ति के शव मिलने की सूचना स्थानीय पुलिस को प्राप्त हुई।
सूचना पर स्थानीय पुलिस व फील्ड यूनिट द्वारा मौका मुआयना किया गया। मृतक व्यक्ति के शव पर किसी बाहरी चोट के निशान नही पाये गये हैं। वही मृतक व्यक्ति के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।
मृतक व्यक्ति की पहचान सचिन नाम के व्यक्ति के रूप में हुई है। जो जनपद बुलन्दशहर के थाना सिकन्द्राबाद का रहने वाला है। परिजनों को सूचना दी जा चुकी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।

Janmat News 
