चन्दौली: एफआईआर दर्ज होने के बावजूद बाउंड्री वॉल तोड़ने का आरोप, पीड़ितों ने समाधान दिवस पर लगाई गुहार

उप्र के चन्दौली जनपद की मुगलसराय कोतवाली में आज शनिवार को आयोजित समाधान दिवस पर जमीन की बाउंड्री वॉल तोड़े जाने और लगातार धमकी मिलने से परेशान पीड़ितों ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

चन्दौली: एफआईआर दर्ज होने के बावजूद बाउंड्री वॉल तोड़ने का आरोप, पीड़ितों ने समाधान दिवस पर लगाई गुहार
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट 

चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद की मुगलसराय कोतवाली में आज शनिवार को आयोजित समाधान दिवस पर जमीन की बाउंड्री वॉल तोड़े जाने और लगातार धमकी मिलने से परेशान पीड़ितों ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र निवासी दीपक पटेल और वाराणसी निवासी नवीन पाल ने आरोप लगाया कि पूर्व में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद विपक्षी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को मुगलसराय कोतवाली में एफआईआर संख्या 0571/2026 दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद 25 नवंबर को बनारसी पटेल, बदरे आलम उर्फ रिंकू, गुफरान अहमद, आदिल खान और अन्य अज्ञात लोगों पर जमीन की बाउंड्री वॉल तोड़ने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ितों का कहना है कि जब वे क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत कराने पहुंचते हैं तो विपक्षी निर्माण कार्य में बाधा डालते हैं और धमकी देते हैं। दीपक पटेल की बहन सीमा देवी ने बताया कि कुछ लोग एकजुट होकर प्लॉट पर पहुंचते हैं और परिवार को डराते-धमकाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को बुलाकर पिटवाने की धमकी भी दी गई। इस दौरान उन्होंने 1076 और 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस के पहुंचने पर आरोपी वहां से चले गए। वहीं दीपक पटेल ने बताया कि इस मामले में वह मुख्यमंत्री से भी मिलकर शिकायत कर चुके हैं।

पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बाउंड्री वॉल के निर्माण में बाधा रोकने की मांग की है। हालांकि, आरोपों के संबंध में पुलिस का पक्ष और आगे की कार्रवाई की जानकारी नहीं मिल सकी।