कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: 50 हजार का इनामी शकील पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, रोते हुए मांगी माफी
कौशांबी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट
कौशांबी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशांबी जनपद के चिल्ला शहबाजी गांव स्थित अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के मामले में फरार चल रहा 50 हजार का वांछित शकील शुक्रवार की रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी है। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, गिरफ्तारी के बाद वह गिड़गिड़ाते हुए बोला, मेरा घर गिर गया है। मेरे बच्चे भी इधर-उधर हो गए हैं। उन सब लोगों से हाथ जोड़ता हूं, जिनके घरों के बच्चे मरे हैं...मुझे माफ कर दें।
डीएसपी मंझनपुर सौरभ सामंत ने बताया कि मंझनपुर के हंजापुर रोड (दीवार कोतारी) गांव के पास सदर कोतवाल विनीत सिंह और एसओजी प्रभारी सुनील चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध आता दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकना चाहा तो उसने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।
फैक्ट्री मालिक नौशाद का भाई है शकील
जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी है। पकड़ा गया अभियुक्त इनामिया शकील निवासी महमूदपुर मनौरी है। सोमवार को चिल्ला शहबाजी गांव स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में 14 लोगों की मौत हो जाने के मामले में वह वांछित था।
शकील, फैक्ट्री मालिक नौशाद का भाई है। आईजी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। डीएसपी ने बताया कि शकील के पास से बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को अपने गुनाह पर पछतावा हुआ। उसने हाथ जोड़कर उन लोगों से माफी मांगी, जिनके अपने विस्फोट कांड में मौत का शिकार हुए हैं। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि मुख्य आरोपित समेत मुकदमे में नामजद किए गए सभी लोग पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।
पकड़े गए शकील ने प्रारंभिक पूछताछ में आर्थिक लाभ के लिए साथियों-परिजनों के साथ मिलकर अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री बनाने और भंडारित करने की बात स्वीकार की है।




