चंदौली: चकिया में छात्रों-युवाओं का प्रदर्शन; केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, SDM को सौंपा ज्ञापन

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन का असर शुक्रवार को उप्र के चंदौली जनपद के चकिया में भी देखने को मिला।

चंदौली: चकिया में छात्रों-युवाओं का प्रदर्शन; केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, SDM को सौंपा ज्ञापन
Published By- Diwaker Mishra

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चंदौली/जनमत न्यूज़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन का असर शुक्रवार को उप्र के चंदौली जनपद के चकिया में भी देखने को मिला। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों और युवाओं ने आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, चकिया के मैदान में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन को देखते हुए चकिया सहित आसपास के थानों की पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार सिंह ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।

प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे और उनसे शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने की अपील करते रहे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई।

प्रशासन की सतर्कता और लगातार समझाइश के चलते प्रदर्शन में शामिल लोगों की संख्या धीरे-धीरे कम होती गई। धरना समाप्त होने के बाद छात्र-युवा नगर भ्रमण करते हुए बाजार पहुंचे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की।

इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता शैलेश कुमार, यश कुमार और लक्ष्मी ने किया। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा।