बरेली: अखिलेश यादव पर मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी की कड़ी प्रतिक्रिया, कहा- मुसलमानों को कर रहे हैं ब्लैकमेल
उप्र के बरेली जनपद में आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने अखिलेश यादव की रामपुर यात्रा, फिर जेल में बंद आज़म खान से मिलने के बाद प्रेस को दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद में आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने अखिलेश यादव की रामपुर यात्रा, फिर जेल में बंद आज़म खान से मिलने के बाद प्रेस को दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मौलाना ने कहा कि अखिलेश यादव को ग़लत फहमी हो गई है कि आजम खान का जलवा आज भी कायम है। बहुत सालों पहले आज़म खान का जलवा हुआ करता था, मगर अब जलवा नहीं है और न ही भविष्य के दिनों में जलवा रहने वाला है।
इस का उदाहरण खुद रामपुर में देखा जा सकता है, लोकसभा के चुनाव में आज़म खान की मुखालफत के बावजूद मौलाना मोहेब्बुला नकवी जीते, खुद उनका क्षेत्र शहर विधानसभा, और उनके बेटे का क्षेत्र स्वार विधानसभा में वो लोग जीतने में कामयाब हो गए जो आज़म खान के घोर विरोधी है। इसलिए अखिलेश यादव की बातों को सही नहीं कहा जा सकता, वो भ्रमित है।
मौलाना बरेलवी ने कहा कि तोते के पिंजरे की तरह जेल में बंद आज़म खान को दिखाकर अखिलेश यादव मुसलमानों को ब्लैकमेल कर रहे हैं। ये ब्लैकमेल करना 2027 के चुनाव में अखिलेश यादव को भारी पड़ेगा।



