शाहजहांपुर पुलिस की बड़ी सफलता, 201 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल; मोबाइल मालिकों ने जताया आभार

उप्र की शाहजहांपुर पुलिस के सर्विलांस सेल, एसओजी और साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने 201 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

शाहजहांपुर पुलिस की बड़ी सफलता, 201 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल; मोबाइल मालिकों ने जताया आभार
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव कुमार शुक्ला की रिपोर्ट

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र की शाहजहांपुर पुलिस के सर्विलांस सेल, एसओजी और साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने 201 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से अलग-अलग स्थानों से 201 मोबाइल फोन बरामद किए। इस अभियान में सर्विलांस सेल, जनपदीय एसओजी और विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क ने अहम भूमिका निभाई।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक कराएं। साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।