अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —
अयोध्या/जनमत न्यूज। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अयोध्या धाम से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का औपचारिक शंखनाद किया। उनके अयोध्या आगमन पर जिले से लेकर महानगर तक भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का उत्साह देखने लायक रहा।
जिले की सीमा पर रुदौली विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद लखनऊ हाईवे पर जुबेर गंज बाजार के पास पूर्व विधायक खब्बू तिवारी ने अपने हजारों समर्थकों के साथ जेसीबी से पुष्प वर्षा कर और कई किलो की मालाएं पहनाकर उनका भव्य अभिनंदन किया।
वहीं अयोध्या धाम के निषाद राज चौराहे पर पूर्व मेयर ऋषिकेश उपाध्याय ने भी जेसीबी से पुष्प वर्षा कर और क्रेन की मदद से भारी-भरकम माला पहनाकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2027 ही नहीं, बल्कि 2047 तक भी देश के विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी और भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का अयोध्या जनपद में कुल 41 स्थानों पर और अयोध्या महानगर में 12 स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। इन स्वागत कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
अपने संबोधन में पंकज चौधरी ने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाना केंद्रीय नेतृत्व का कार्यकर्ताओं पर भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश और प्रदेश ने अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को कोई भी गुमराह नहीं कर सकता और मोदी–योगी सरकार के कार्यों के दम पर भाजपा 2027 में एक बार फिर सरकार बनाएगी।
अयोध्या दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अवध प्रांत के 14 जिलों की संगठनात्मक समीक्षा करेंगे। इस दौरान 86 विधानसभा सीटों को लेकर रणनीति तय की जाएगी और कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र दिए जाएंगे। इस महा बैठक में अवध प्रांत के 63 विधायक और 7 मंत्री शामिल हो रहे हैं, जिससे आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों को और मजबूती मिलेगी।